Sunday, January 24, 2021

पन्ना टाइगर रिज़र्व को मिली व्याख्यान केन्द्र की सौगात

  •   मौजूदा समय 65 बाघों का घर बन चुका है पन्ना 
  •   कोर व बफर में टाइगर साइटिंग होने से पर्यटक बढ़े 

पन्ना टाइगर रिज़र्व के मंडला गेट पर बने व्याख्यान केन्द्र का अवलोकन करते खनिज मंत्री। 

अरुण सिंह,पन्ना। बाघ पुनर्स्थापना योजना को मिली शानदार सफलता के चलते देश और दुनिया में विख्यात हो चुके मध्यप्रदेश के पन्ना टाइगर रिज़र्व में पर्यटन सुविधाओं का भी विस्तार हो रहा है। प्रदेश के खनिज साधन एवं श्रम विभाग मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा पर्यटन गांव मडला स्थित पन्ना टाइगर रिज़र्व के प्रवेश द्वार पर स्थापित वन व्याख्यान केन्द्र का लोकार्पण किया है। यह वन व्याख्यान केन्द्र 110 लाख रूपये की लागत से बनाया गया है। इस व्याख्यान केन्द्र में पर्यटकों के लिए कुछ समय बिताने की सुविधा के साथ वन एवं पर्यटन से जुडी जानकारियां देने के लिए म्यूजियम एवं पदर्शन की व्यवस्था है। 

उल्लेखनीय है कि पन्ना टाइगर रिज़र्व मौजूदा समय 65 बाघों का घर बन चुका है। बाघों का कुनबा बढ़ने से कोर व बफर क्षेत्र में टाइगर साइटिंग खूब हो रही है, जिससे पर्यटक भी बढे हैं। खनिज मंत्री श्री सिंह ने बताया कि उन्होंने पन्ना टाइगर रिजर्व के मड़ला गेट पर नवीन टिकट बुकिंग काउंटर एवं व्याख्यान केंद्र का शुभारंभ किया है। अब बाहर से आने वाले पर्यटकों को पन्ना टाइगर रिजर्व घूमने के लिए मड़ला गेट से भी टिकट उपलब्ध हो सकेगी। इसके पूर्व पर्यटकों को पार्क भ्रमण हेतु टिकट के लिए गेट से तक़रीबन डेढ़ किमी. दूर कर्णावती प्रकृति व्याख्या केन्द्र में जाना पड़ता था, लेकिन अब यह सुविधा पर्यटकों को गेट में ही मिल सकेगी। मंत्री श्री सिंह ने व्याख्यान केन्द्र के अन्दर पर्यटकों को दी जाने वाली सुविधाओं का अवलोकन किया। पर्यटकों के बैठने, प्रशाधन एवं जानकारी देने के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के प्रति उन्होंने संतोष जाहिर किया।

पर्यटन गांव मंडला में बनेगा आधुनिक थाना

पन्ना जिले के पर्यटन गांव मंडला में प्रतिदिन बड़ी संख्या में देशी व विदेशी पर्यटक पार्क भ्रमण के लिए आते हैं, जिसे देखते हुए यहाँ पर आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित थाना भवन का निर्माण होगा। खनिज मंत्री ब्रजेन्द्र प्रताप सिंह ने थाना परिसर मडला में 94.10 लाख रूपये की लागत से निर्मित होने वाले आधुनिक थाना भवन का भूमिपूजन वैदिक रीति के साथ किया। इस अवसर पर उन्होंने कुदाली से खुदाई कर भवन के आधारशिला की ईंट स्थापित की। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थितों को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह थाना छतरपुर एवं पन्ना जिले की सीमा पर होने के साथ राष्ट्रीय उद्यान होने के कारण पर्यटकों का आना जाना निरंतर होता है। इसलिए आधुनिक तकनीकी से लैस थाना होना यहां की महती आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यह थाना भवन निर्मित हो जाने के बाद आमजनता को सुविधा मिलने के साथ अपराधों में कमी आएगी। यह थाना भवन बहुत ही आकर्षक एवं सुविधाजनक बनेगा, लोगों को थाने में आकर अच्छा महसूस होगा। इस क्षेत्र की पेयजल एवं विद्युत की समस्या का निराकरण भी शीघ्र किया जायेगा। मडला ग्राम भारत सरकार की जल जीवन मिशन योजना में भी शामिल है, फलस्वरूप यहाँ पेयजल की कोई समस्या नहीं रहेगी। क्षेत्र में पर्यटकों का आना जाना बढ रहा है, जिससे इस क्षेत्र का तेजी से विकास होगा। पर्यटन बढ़ने से यहां के लोगों को रोजगार के नये - नये अवसर मुहैया होंगे। 

00000 


No comments:

Post a Comment