Sunday, February 14, 2021

सांभर का शिकार करने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार

  •  शिकार करने के बाद आरोपी अपने घरों में पका रहे थे मांस
  •  मुखबिर की सूचना पर वन कर्मियों ने की छापामार कार्यवाही 

वन्य प्राणी सांभर के मांस सहित गिरफ्तार आरोपी साथ में वन अधिकारी व कर्मचारी। 

अरुण सिंह,पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में वन्य प्राणी सांभर का शिकार करने वाले पांच आरोपियों को आज गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने दक्षिण वन मंडल पन्ना अंतर्गत खिलसारी गांव में नदी के किनारे पालतू कुत्तों की मदद से सांभर का शिकार किया था। शिकार करने के बाद आपस में मांस का बंटवारा करके जब वे अपने घरों में मांस पका रहे थे, उसी समय उन्हें दबोच लिया गया। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

 वन परिक्षेत्राधिकारी वन परीक्षेत्र सलेहा राम सिंह पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार को आज मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खिलसारी में सांभर का शिकार कर आरोपी अपने घरों में मांस पका रहे हैं। सूचना मिलने पर वन मंडलाधिकारी दक्षिण पन्ना मीना कुमारी मिश्रा के निर्देशन पर छापामार कार्यवाही की गई। श्री पटेल ने बताया कि ग्राम खिलसारी में उत्तम सिंह, मंगल सिंह, होशियार सिंह, चन्नू सिंह तथा राम सिंह के घरों में सांभर का मांस जप्त किया गया। इन पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर इनके विरुद्ध वन्य प्राणी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।

 आरोपियों की निशानदेही पर घटनास्थल का निरीक्षण भी किया गया। शिकार करने के बाद आरोपियों ने जिस जगह पर सांभर को काटा है, वहां सांभर की आंतें, आमाशय व शरीर के अन्य अवशेष जप्त किए गये। आरोपियों ने बताया कि ग्राम खिलसारी में नदी के किनारे शनिवार को कुत्तों से दौड़ाकर उन्होंने लाठी-डंडों से पीटकर सांभर को मारा था। रात्रि में लगभग 12 बजे पास के खेत में ले जाकर उसे काटा और मांस आपस में बांट लिया। गिरफ्तार पांचों आरोपियों को सोमवार 15 फरवरी को न्यायालय में पेश किया जायेगा।

00000

1 comment:

  1. वन विभाग की टीम को बधाई

    ReplyDelete