Saturday, March 13, 2021

अब निखरेगा पन्ना का ऐतिहासिक नजरबाग ग्राउंड

  •  खनिज मंत्री के प्रयासों से बनेगा बेहतरीन स्टेडियम
  •  विकास व निर्माण कार्य हेतु स्वीकृत हुए 318 लाख रुपये
  •  होनहार खिलाडय़िों को मिलेगा आगे बढऩे का अवसर 

पन्ना में विकास और निर्माण कार्यों की शिला पट्टिका का अनावरण करते खनिज मंत्री श्री सिंह। 

।। अरुण सिंह ।।

पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में खेल सुविधाओं के विकास हेतु पन्ना नगर के ऐतिहासिक नजरबाग ग्राउंड को आकर्षक और उपयोगी बनाया जायेगा। स्थानीय विधायक व प्रदेश के खनिज मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह के प्रयासों से नजरबाग ग्राउंड के विकास व निर्माण कार्य हेतु 318.01 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। इस खूबसूरत मैदान में स्टेडियम बन जाने से जहां मैदान की खूबसूरती और बढ़ जाएगी वहीं जिले की खेल प्रतिभाओं व बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने व आगे बढऩे का भी अवसर मिलेगा।

 उल्लेखनीय है कि शहर के प्राचीन झीलनुमा जलाशय  धर्मसागर के ठीक बगल में स्थित नजरबाग खेल मैदान का ऐतिहासिक महत्व व खूबियां हैं। राजाशाही जमाने में भी इस खेल मैदान में फुटबॉल और क्रिकेट के मैच होते रहे हैं। तालाब की तलहटी में स्थित होने के कारण नजरबाग मैदान की खूबसूरती देखते ही बनती है। इसकी सबसे बड़ी खूबी यह है कि गर्मी के दिनों में भी इस मैदान पर हरियाली नजर आती है। फुटबॉल के लिए तो इसे आदर्श ग्राउंड कहा जाता है। इस मैदान ने पन्ना जिले को कई नामचीन फुटबॉल खिलाड़ी दिए हैं, जिन्होंने अपनी खेल प्रतिभा से जिले का नाम रोशन किया है।

 खनिज मंत्री के प्रयासों की हो रही सराहना 


पन्ना नगर के नजरबाग मैदान में हो रहे फुटबॉल मैच का द्रश्य। (फाइल फोटो)

नजरबाग मैदान में उपयोगी व सर्व सुविधायुक्त स्टेडियम की मांग लंबे समय से खेल प्रेमियों द्वारा की जाती रही है। इस दिशा में पूर्व नपा अध्यक्ष स्व. बृजेंद्र सिंह बुंदेला ने पहल व प्रयास भी किये थे। लेकिन उनके असमयिक निधन से इन प्रयासों पर विराम सा लग गया। अब पन्ना विधायक व प्रदेश शासन के मंत्री जो खुद खिलाड़ी हैं, उन्होंने नजरबाग मैदान के कायाकल्प हेतु सार्थक पहल की है। जिससे इस ऐतिहासिक खेल मैदान के विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। खनिज मंत्री के इन प्रयासों की खेल प्रेमियों, खिलाडय़िों व नगर वासियों द्वारा भूरि-भूरि सराहना की जा रही है।

मिली अधिकृत जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास के तृतीय चरण में पन्ना नगर को नजरबाग खेल मैदान में स्टेडियम निर्माण के लिए 318.01 लाख रूपये की स्वीकृति प्राप्त की गयी है। यह नगर के लिए एक बहुत बडी उपलब्धि है। स्टेडियम बन जाने से स्थानीय बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्राप्त होगा। इस मैदान में खेलकर वे राज्य स्तर, राष्ट्र स्तर एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर तक जिले का नाम रोशन करेंगे।

स्टेडियम निर्माण के संबंध में प्राप्त विस्तृत जानकारी के अनुसार स्टेडियम में पाथ वे 47.07 लाख, प्रवेश द्वार का निर्माण 10.54 लाख, स्टेडियम में बिल्डिंग कार्य के लिए 125.12 लाख, पेवेलियन (02 यूनिट) निर्माण के लिए 86.50 लाख तथा सीसी रोड निर्माण कार्य के लिए 14.6 लाख रूपये एवं 12 प्रतिशत जीएसटी 34.07 लाख रूपये की लागत से कार्य किया जायेगा।

नगर को स्वच्छ व सुन्दर बनाना हम सबका दायित्व - मंत्री 


खनिज मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह 

प्रदेश के खनिज साधन एवं श्रम विभाग मंत्री  बृजेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा पन्ना विधानसभा क्षेत्र एवं पन्ना नगर के विकास के लिए निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। उसी क्रम में उन्होंने बेनीसागर तालाब के मध्य स्थित बगान में मुख्य मार्ग से बगान तक पहुंचने के लिए सीसी रोड चैडीकरण तथा रिटर्निंग बाल का भूमिपूजन वैदिक रीति से किया। यह निर्माण कार्य 9.94 लाख रूपये की लागत से कराया जाएगा। इसी प्रकार डायमण्ड म्यूजियम के सामने 8.27 लाख रूपये की लागत से बनने वाले पन्ना व्यू-प्वाइंट का भूमिपूजन के साथ स्थानीय छत्रसाल पार्क में कवर्ड नाला का भूमिपूजन किया गया। कवर्ड नाला का निर्माण कार्य 8.27 लाख रूपये की लागत से कराया जायेगा। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नगर को स्वच्छ और सुन्दर बनाना हम सभी का दायित्व है। नगर के विकास के लिए मेरे द्वारा हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि पन्ना को लोग हीरों, मंदिरों और तालाबों की नगरी के नाम से जानते हैं। इन सबका जब तक व्यवस्थित ढंग से समुचित विकास नहीं किया जायेगा तब तक इनकी ओर आकर्षण नहीं बढेगा। उन्होंने कहा कि मेरा प्रयास है कि नगर का समुचित विकास कर नगर को साफ-सुथरा और सुन्दर बनाया जाए। जिससे खजुराहो आने वाले पर्यटक पन्ना आयें। लोगों को रोजगार, व्यवसाय मिल सके। उन्होंने कहा कि नेशनल पार्क के रमपुरा गेट को प्रारंभ कराए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं। यह सब होने के बाद नगर में पर्यटकों का निरंतर आवागमन होगा और क्षेत्र का विकास भी होगा।

00000

No comments:

Post a Comment