Thursday, March 11, 2021

अज्ञात वाहन की टक्कर से नर तेंदुआ की मौत

  •  राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 39 में खिला चौकी के पास की घटना 
  •  तेज रफ़्तार वाहनों से आये दिन वन्य प्राणियों की हो रही मौत 

सड़क हादसे का शिकार हुए नर तेंदुए का क्षत - विक्षत शव। 

अरुण सिंह,पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में अज्ञात वाहन से टक्कर होने पर आज एक नर तेंदुए की मौत हो गई। घटना राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 39 में पन्ना - छतरपुर मार्ग पर वन परीक्षेत्र मंडला के बीट खिला चौकी के पास की है। मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ वन अपराध कायम कर विवेचना की जा रही है। मालुम हो कि तेज रफ़्तार की चपेट में आकर आये दिन निरीह वन्य प्राणियों असमय काल कवलित हो रहे हैं, जिस कोई अंकुश नहीं लग पा रहा। सड़क हादसे की सर्वाधिक घटनायें पन्ना - छतरपुर व पन्ना - अमानगंज मार्ग पर घटित होती हैं, क्योंकि दोनों ही मार्ग पन्ना टाइगर रिज़र्व से होकर गुजरते हैं।    

हादसे के संबंध में क्षेत्र संचालक पन्ना टाइगर रिजर्व कार्यालय से दी गई जानकारी के मुताबिक मृत नर तेंदुआ की उम्र 13-14 वर्ष के लगभग है। तेंदुए के शव को जानवर सड़क मार्ग से घसीट कर वन क्षेत्र में ले गये थे। गश्ती दल को आज गश्त के दौरान तेंदुए का शव दिखा, फल स्वरुप गश्ती दल के वन कर्मियों ने मामले की जानकारी आला अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही उपसंचालक पन्ना टाइगर रिजर्व, सहायक संचालक मंडला, वन्य प्राणी चिकित्सक व परिक्षेत्र अधिकारी मंडला मौके पर पहुंचे। वन्य प्राणी चिकित्सक द्वारा मृत तेंदुए का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम के उपरांत मुख्य वन संरक्षक छतरपुर सहित अन्य वन अधिकारियों की मौजूदगी में तेंदुए का दाह संस्कार कर दिया गया है।

दीपावली के दिन हुई थी युवा बाघिन की मौत 

विगत कुछ माह पूर्व ही पन्ना-अमानगंज सड़क मार्ग पर अकोला पर्यटन गेट से लगभग 500 मीटर आगे अकोला बफर वृत्त के बीट अमझिरिया में कक्ष क्रमांक 399 एवं 400 की सीमा पर गर्रोहा नाला की पुलिया पर किसी तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से एक वर्षीय बाघिन की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत  हुई थी। वाहन ने बाघिन के सिर को बुरी तरह से कुचल दिया था। इस हादसे को हुए चार माह होने को हैं लेकिन अभी तक आरोपी पकडे नहीं जा सके हैं। परिणाम स्वरुप वन क्षेत्र में तेज रफ़्तार वाहन चलाने वाले लोग बेखौफ हैं और आये दिन वन्य प्राणियों को रौंद रहे हैं। 

00000 

No comments:

Post a Comment