Friday, April 9, 2021

पन्ना टाइगर रिज़र्व में फिर जन्मे दो नन्हे मेहमान

  •  अपने दो नन्हे शावकों के साथ दिखी बाघिन पी-151 
  •  पीटीआर के मंडला रेंज में पर्यटकों ने बनाया वीडियो
  • जन्म के बाद पहली मर्तबे नजर आए ये नन्हे शावक

अपने नन्हे शावकों के साथ विचरण करती बाघिन पी-151  

  ।। अरुण सिंह ।।

पन्ना। बाघों के लिए प्रसिद्ध मध्यप्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व में फिर एक बाघिन ने नन्हे शावकों को जन्म दिया है। बाघिन पी-151 अपने दो शावकों के साथ शुक्रवार 9 अप्रैल को सुबह पहली बार नजर आई है। पार्क भ्रमण हेतु आए पर्यटकों ने बिल्कुल निकट से इस बाघिन को शावकों के साथ चहल-कदमी करते हुए न सिर्फ देखा बल्कि उसका वीडियो भी बनाया है।

 अपने परिवार के साथ पन्ना टाइगर रिजर्व घूमने के लिए आए राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज बांदा के डॉक्टर अनुराग चौहान ने बताया कि शावकों के साथ बाघिन को इतने नजदीक से देखकर वे अत्यधिक रोमांचित हैं। उनका परिवार बेहद खुश है, क्योंकि उन्होंने इस तरह के दृश्य से रूबरू होने की कल्पना भी नहीं की थी। श्री चौहान ने बताया कि शावक बहुत ही प्यारे व फुर्तीले दिख रहे थे। एक शावक मां के साथ था व दूसरा कुछ दूरी पर था। बाघिन जंगल में अंदर की तरफ जा रही थी, अचानक रुकी और पीछे छूट गए शावक के पास पहुंच गई तथा उसे अपने साथ लेकर घने जंगल में चली गई। यह पूरा नजारा मंत्रमुग्ध कर देने वाला था।

 पर्यटक गाइड मनोज कुमार द्विवेदी ने बताया कि बाघिन पी-151 पहली बार अपने शावकों के साथ जंगल में दिखी है। नन्हे शावकों को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि उनकी उम्र दो-ढाई माह के लगभग होगी। श्री द्विवेदी ने बताया कि शुक्रवार की सुबह जब पर्यटकों को लेकर जिप्सी वाहन मंडला रेंज के कमानी गेट से पक्का गढ़ा की तरफ जा रहे थे, उसी समय रास्ते में यह बाघिन दो नन्हे शावकों के साथ नजर आई। पांच जिप्सियों में सवार पर्यटकों ने इस रोमांचकारी नजारे को बड़े इत्मीनान के साथ देखा।

 बाघिन पी-151 पन्ना टाइगर रिजर्व की संस्थापक बाघिन टी-1 की बेटी है। इस बाघिन ने दूसरी बार शावकों को जन्म दिया है। आगे वाली जिप्सी में सवार रहे पर्यटक बृजेश सिंह ठाकुर ने शावकों के साथ चहल- कदमी करते बाघिन का वीडियो बनाया है। मालूम हो कि इसके पूर्व विगत 26 मार्च 21 को बाघिन टी-6 अपने चार नन्हे शावकों के साथ दिखी थी। बीते 4 माह के भीतर पन्ना टाइगर रिजर्व में 15 शावकों का जन्म हो चुका है। इतनी बड़ी संख्या में शावकों की मौजूदगी के चलते पन्ना टाइगर रिजर्व पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

पर्यटक ब्रजेश सिंह ठाकुर द्वारा बनाया गया शावकों के साथ बाघिन का वीडियो -



00000


No comments:

Post a Comment