Sunday, June 20, 2021

जिंदगी बचाने के लिए कोविड-19 वैक्सीनेशन का महाअभियान

  • एक दिन में 10 लाख से अधिक व्यक्तियों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य
  • मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से की अभियान में सहयोग की अपील

 मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कोविड-19 वैक्सीनेशन महाअभियान के सम्बन्ध में अपील करते हुए। 

पन्ना। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में 21 जून को कोविड-19 वैक्सीनेशन महाअभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान के अतर्गत प्रदेश में 7 हजार वैक्सीनेशन सेंटर पर वैक्सीनेशन की व्यवस्था की जायेगी। हमारा प्रयास है कि वैक्सीनेशन महाअभियान में एक दिन में 10 लाख से अधिक व्यक्ति वैक्सीनेशन करायें। 

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि वैक्सीनेशन ही है जो संक्रमण की स्थिति में भी हमें बचाएगा। वैक्सीनेशन का कार्य बहुत महत्वपूर्ण है। जितने वैज्ञानि‍क और विशेषज्ञ हैं वे यह कहते हैं कि वैक्सीन सुरक्षा चक्र प्रदान करता है। यदि हमें दोनों डोज लग गए तो कोरोना संक्रमण फैलने पर भी या तो कोरोना होगा ही नहीं और यदि हुआ तो वह घातक नहीं होगा। हो सकता है कि अस्पताल जाने की नौबत ही न आए। शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता इतनी बढ़ जाती है कि वह वायरस का मुकाबला कर सकता है। भारत ही नहीं पूरी दुनिया के वैज्ञानिक यही कह रहे हैं। दुनिया भर के देश अपने नागरिकों को बचाने के लिए वैक्सीनेशन का सुरक्षा चक्र दे रहे हैं। वैक्सीन 21 जून से मिलना आरंभ होगी। अत: यह निर्णय लिया गया है कि 21 जून से वैक्सीनेशन का महाअभियान शुरू किया जायेगा।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि यह महाअभियान साधारण नहीं होगा। यह लोगों की जिंदगी बचाने का अभियान है। यह लोगों को कोरोना से सुरक्षा प्रदान करने का अभियान है। मुख्यमंत्री होने के नाते मैं यह महसूस करता हूँ कि इस समय इससे पवित्र कोई और कार्य नहीं हो सकता है। मेरी अंतरात्मा की आवाज है कि अभियान में जी-जान से जुट जाया जाए, ताकि सितम्बर-अक्टूबर तक जब तीसरी लहर आये, तब तक हम प्रदेश के अधिकांश लोगों को वैक्सीन लगा चुके हों। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि इस अभियान में मैं अकेला नहीं जुटूंगा। पूरी सरकार जुटेगी, मंत्री, विधायक और सांसद सबसे मैंने बात की है, वे सब अभियान में जुटेंगे साथ ही समाज को जुटना होगा।

पन्ना जिलावासियों से खनिज मंत्री ने की अपील 


प्रदेश के खनिज मंत्री एवं पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने पन्ना जिलावासियों से भी अपील की है कि वैक्सीनेशन के लिए लोगों को प्रेरित करने के लिए वैक्सीनेशन सेंटर पर जायें। यह जिंदगी बचाने का अभियान है। तीसरी लहर के खिलाफ हम वेक्सीनेशन से जितना सख्त कवच निर्मित करेंगे आपका मोहल्ला, शहर, जिला और प्रदेश उतना ही सुरक्षित रहेगा। कोरोना वेक्सीनेशन के लिए कल 21 जून से पूरे मध्यप्रदेश में महाअभियान शुरु हो रहा है। इस अभियान की सफलता में ही हमारी, आपकी और सबकी सुरक्षा है। सुरक्षा कवच को मजबूत बनाने वैक्सीन जरूर लगवायें। 

वीडियो अपील -  



No comments:

Post a Comment