Tuesday, August 24, 2021

पन्ना में इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना के साथ पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

  • मंत्री ब्रजेन्द्र प्रताप सिंह एवं क्षेत्रीय सांसद  बी.डी. शर्मा ने विभिन्न विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमि पूजन



पन्ना। प्रदेश के खनिज साधन एवं श्रम विभाग मंत्री ब्रजेन्द्र प्रताप सिंह एवं क्षेत्रीय सांसद  बी.डी. शर्मा द्वारा जिले के भ्रमण के दौरान पन्ना नगर मुख्यालय में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने संयुक्त रूप से दो विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया। इस अवसर पर मंत्री श्री सिंह ने कहा कि नगर के सर्वांगीण विकास के लिये कार्य करने के प्रयास किये जा रहे हैं। वहीं सांसद श्री शर्मा ने कहा कि जिले में शिक्षा एवं स्वास्थ्य की सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।

इस अवसर पर मंत्री श्री सिंह ने अपने उदबोधन में कहा कि क्षेत्र के साथ नगर के विकास के लिये कार्य किये जा रहे हैं। उसी क्रम में आज विभिन्न कार्यो का लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया गया है। नगर की लम्बे समय से चली आ रही मांग आज पूर्ण हो गई है। आज श्री जगन्नाथ स्वामी टाउन हॉल ऑडिटोरियम का कार्य पूर्ण हो गया है। इससे नगर के लोगों को विभिन्न तरह के आयोजनों के लिये सुविधा मिल सकेगी। बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के लिये अध्ययन केन्द्र प्रारम्भ हो चुका है। वार्ड क्र-03 की नालियों का पानी की निकासी के लिये श्मशान घाट से पोष्ट ऑफिस तक कल्वर्ट नाला निर्माण, धरमसागर तालाब में रिंग रोड निर्माण, शासकीय अयुर्वेद पंच कर्म चिकित्सालय, एनएमडीसी कॉलोनी में 100 विस्तर का कोविड अस्पताल स्थापित किये जाने के कार्य का भूमि पूजन किया गया है।

मंत्री श्री सिंह ने कहा कि नगर में प्राचीन तालाब होने के बाद भी अल्प वर्षा के कारण पेयजल की समस्या को दूर करने के लिये कार्य किया जायेगा। नगर में मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास मद से स्टेडियम निर्माण के साथ अन्य विकास कार्यो के लिये मुख्यमंत्री जी से राशि की मांग की गयी है। नगर में शीघ्र ही ओपन जिम स्थापित किये जायेंगे। वन एवं राजस्व भूमि के विवाद को निराकृत करने के लिये कार्यवाही की जायेगी। जिससे यहॉ के लोगो को रोजगार मिल सके।

इस अवसर पर क्षेत्रीय सांसद श्री शर्मा ने कहा कि जिले में इंजीनियरिंग कॉलेज, श्रम विद्यालय आदि की स्थापना के साथ पर्यटन को बढ़ावा देने के लिये कार्य किया जायेगा। कालींजर केा जोडने वाली नेशनल हाईवे की स्वीकृति प्राप्त हेा गयी है, रेलवे का काम प्रगति पर है। उन्होंने अपील करते हुये कहा कि नगर को स्वच्छ एवं साफ सुथरा बना कर नगर का नाम रोशन करें। पन्ना में स्वास्थ्य संबंधी सभी संसाधन विकसित किये जा रहे है। जिससे यहॉ के लोगो को सभी तरह की स्वास्थ्य सुविधायें उपलब्ध हो सकें। कलेक्टर संजय कुमार मिश्र द्वारा इस अवसर पर बताया गया कि पन्ना अध्ययन केन्द्र की स्थापना माध्यमिक शाला टिकुरिया पुराना भवन में की गई है। यहॉ विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वालों के लिये अध्ययन समाग्री एवं मार्गदर्शन की व्यवस्था है।

00000  

No comments:

Post a Comment