Wednesday, February 16, 2022

समाज के उत्थान हेतु सकारात्मक सोच जरूरी : खनिज मंत्री

  • संत शिरोमणि रविदास जी दूरगामी सोच के व्यक्ति और अद्भुत संत 
  • समाज में जागरूकता लाने और कुरीतियों को दूर करने कार्य किया

संत रविदास जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह। 

पन्ना। संत रविदास जी ने समाज में जागरूकता फैलाने और कुरीतियों को समाप्त करने का महान कार्य किया है। वे दूरगामी सोच के व्यक्ति और अद्भुत संत थे। समाज से छूआछूत एवं ऊंचनीच का भेदभाव मिटाने और सर्वांगीण उत्थान के लिए संत रविदास के आदर्शों का अनुशरण करना जरूरी है। सकारात्मक सोच के साथ समाज के उत्थान का प्रयास करना चाहिए। यह बात खनिज साधन एवं श्रम मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने स्थानीय जगन्नाथ स्वामी टाउन हॉल में संत रविदास जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान कहीं।

उन्होंने कहा कि व्यक्ति के कर्म प्रधान होते हैं, न कि धर्म और जाति। रविदास जी की शिक्षा और महान कर्मों को हर समाज याद करता है। उन्होंने कहा कि सामाजिक जीवन में कई विरोधाभास भी हो सकते हैं, लेकिन समाज सुधार के लिए सही कार्य करने वाले व्यक्तियों की हमेशा मदद करना चाहिए। बच्चों को उनकी जीवनी और घटनाक्रम पढ़कर सीख लेना चाहिए। मंत्री श्री सिंह ने समाज में अलग पहचान के लिए रविदास के आदर्श और पदचिन्हों पर चलकर महान कार्य करने का आह्वान भी किया।

विधायक प्रह्लाद लोधी ने कहा कि सरकार ने संतों और शहीदों के हित और कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण काम किए हैं। नागरिकों को सदैव सर्वसमाज के हित के लिए कार्य करना चाहिए। उन्होंने शिक्षा पर ध्यान देने और नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए कहा। सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित किया। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने समाज को बड़ी दिशा दी है और एक सूत्र में बांधने का काम किया है। सांसद द्वारा जयंती की शुभकामनाएं देते हुए समाज के चहुंमुखी उत्थान के लिए संकल्प का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में संत रविदास जी के अनुयायियों और उपस्थिजनों ने भोपाल से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और अन्य अतिथियों के वर्चुअली उद्बोधन को देखा और सुना। संत रविदास जयंती का आयोजन विकासखण्ड मुख्यालय और ग्राम पंचायत स्तर पर भी किया गया।

कार्यक्रम की शुरूआत अतिथियों द्वारा संत रविदास जी के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। अतिथियों के स्वागत के बाद स्थानीय कलाकारों द्वारा भजन प्रस्तुत किया गया। मंत्री श्री सिंह ने कलाकारों का स्वागत किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रविराज सिंह यादव, उपाध्यक्ष माधवेन्द्र सिंह, कलेक्टर  संजय कुमार मिश्र, जिला पंचायत सीईओ  बालागुरू के., अपर कलेक्टर  जे.पी. धुर्वे, नोडल अधिकारी अशोक चतुर्वेदी, जिला संयोजक आर.के. सतनामी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में आम नागरिक और संत रविदास जी के अनुयायी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन परियोजना अधिकारी संजय सिंह परिहार ने किया।

00000 

No comments:

Post a Comment