Sunday, February 13, 2022

वनराज के सामने आने पर बाइक छोड़ पेड़ पर चढ़े युवक


पेड़ पर चढ़े नजर आते युवक तथा नीचे खड़ी उनकी बाइक। 

पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व में एक दिलचस्प और हैरतअंगेज मामला प्रकाश में आया है। बताया जा रहा है कि टाइगर रिज़र्व के कोर क्षेत्र में स्थित धार्मिक महत्व के स्थल झलारिया महादेव के दर्शन करने मोटरसाइकिल से दो युवक जा रहे थे। इन बाइक सवार युवकों के सामने अचानक वनराज आ पहुंचे, ऐसी स्थिति में अपनी जान बचाने के लिए दोनों युवक पास के पेड़ में चढ़कर शरण ली। यह वीडियो सोसल मीडिया में वायरल हो रहा है। 

पेड़ में चढ़ने वाले युवक कौन हैं इस बावत पन्ना टाइगर रिज़र्व के क्षेत्र संचालक उत्तम कुमार शर्मा से पूंछे जाने पर उन्होंने बताया कि घटना सही है लेकिन पेड़ में दो युवक जो चढ़े नजर आते हैं वे दोनों वनकर्मी हैं। 

मालुम हो कि पन्ना टाइगर रिजर्व क्षेत्र के झलारिया महादेव स्थान में भगवान भोलेनाथ की दुर्लभ प्रतिमा और रमणीक स्थान है, जिनके दर्शन वर्ष में केवल एक बार होते हैं। इस दिन झलारिया महादेव के दर्शन करने की इजाजत रहती है इसीलिए यहां हजारों की संख्या में लोग पहुंचते हैं। पन्ना टाईगर रिजर्व के हिनौता गेट से तकरीबन 20 किमी दूर स्थित धार्मिक महत्व वाले इस प्राचीन स्थल तक पहुँचने के लिये घने जंगलों के बीच से होकर जाना पड़ता है। विशालकाय पहाड़ी के नीचे जिस जगह पर शिवलिंग स्थापित है, वह स्थल भी अद्भुत है। पहाड़ी से रिसकर कंचन जल निरंतर भगवान शिव का अभिषेक करता है। अंचलवासियों का कहना है कि पूरी श्रद्धा के साथ इस स्थल पर जो भी मनोकामना की जाती है वह जरूर पूरी होती है।

गत 11 फरवरी शुक्रवार को बड़ी संख्या में दर्शनार्थियों के आने के कारण पार्क प्रबंधन द्वारा जगह-जगह वनकर्मियों को तैनात किया गया था। उसी दौरान जब वनराज अचानक झलारिया महादेव जाने वाले मार्ग में प्रकट हुआ तो वहां तैनात वनकर्मी पेड़ में चढ़ गये।

 पूर्ण वयस्क यह वनराज मार्ग पर काफी देर तक न सिर्फ चहल-कदमी की अपितु मार्ग में ही आराम फरमाने लगा। इस बीच कई वाहन वनराज के वहां से हटने का इंतजार करते रहे। वनराज मार्ग पर बैठे थे और पास खड़े वाहनों में गाने बज रहे थे तथा लोगों की आवाजें भी आ रही थीं। निश्चित ही यह पार्क के नियमों व सुरक्षा की द्रष्टि से उचित नहीं है। टाइगर के जंगल में चले जाने के उपरांत पेड़ में चढ़े वनकर्मी नीचे उतरे और वाहन अपने गंतब्य के लिए रवाना हुए। इन वाहनों से जा रहे श्रद्धालुओं ने इस दुर्लभ नज़ारे का वीडियो बना लिया जो सोसल मीडिया में वायरल हो रहा है।

वीडियो :



00000 

No comments:

Post a Comment