Tuesday, July 5, 2022

तेज रफ्तार यात्री बस के पलटने से एक बच्ची की मौत, 10 घायल

  • ग्रामीणों की मदद से घायल यात्रियों को निकाला गया बाहर 
  • गंभीर रूप से घायल यात्री पन्ना चिकित्सालय व कटनी रेफर 


पन्ना। जिला मुख्यालय  पन्ना से लगभग 70 किमी. दूर आज सुबह लगभग 9 बजे मोहन्द्रा के निकट यात्री बस के पलटने से एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि 10 यात्री घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पवई ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कुछ यात्रियों की छुट्टी कर दी गई, जबकि गंभीर घायलों को पन्ना जिला अस्पताल पन्ना व कटनी पहुँचाया गया।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मोहन्द्रा से पन्ना जा रही राधिका ट्रेवल्स की बस क्रमांक एमपी 35 पी 1093 सुबह करीब 9:00 बजे मोहन्द्रा व कुंवरपुर के बीच स्थित रमपुरा मोड़ की एक पुलिया के नीचे अनियंत्रित होकर गिर गई। अचानक इस तरह से अनियंत्रित होकर बस के नीचे गिरकर पलटने से एक 9 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई जबकि इस हादसे में कई यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। बताया गया है कि तीन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। जबकि छह घायलों में 03 को पन्ना जिला अस्पताल व 03 लोगों को कटनी रेफर किया गया है। 

अचानक यात्री बस के पुलिया से नीचे गिरकर पलटने की यह घटना किन कारणों से हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यात्री बस के पलटते ही घटना स्थल पर चीख पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर तुरंत पुलिस पहुंच गई। फलस्वरूप ग्रामीणों की मदद से बचाव कार्य शुरू हुआ। गांव के युवकों ने घायलों को बस से बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हादसे में घायल यात्रियों को आनन-फानन अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को पन्ना व कटनी रेफर किया गया है। 

हादसे में राशी गुप्ता पिता सतीश गुप्ता 9 वर्ष निवासी नादन की मौत हुई है। घायलों में लवकुश लोधी चंद्रावल,छन्नू बंसल कुंवरपुर,रमाकांत बनौली,गीता लोधी चंद्रावल, सीमा लोधी चंद्राबल,कमलेश गुप्ता मोहन्द्रा,मुन्नी गुप्ता मोहन्द्रा,कमला गुप्ता नादन,हकीमन बेगम नादन,रीना प्रजापति मोहन्द्रा,उस्मान खान महेवा शामिल हैं। हादसे का शिकार हुई इस यात्री बस में 35 यात्री सवार थे।

00000 

No comments:

Post a Comment