Tuesday, August 15, 2023

पन्ना में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, खनिज मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने किया ध्वजारोहण

  • स्कूलों के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की दी आकर्षक प्रस्तुति
  • मुख्य अतिथि ने जनता के नाम मुख्यमंत्री के संदेश का किया वाचन 

मुख्य अतिथि बृजेन्द्र प्रताप सिंह प्रदेश की जनता के नाम मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करते हुए। 

पन्ना। देश का 77वां स्वतंत्रता दिवस समारोह पन्ना जिले में हर्षोल्लास एवं गरिमामय ढंग से मनाया गया। जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन स्थानीय पुलिस परेड ग्राउण्ड में हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि खनिज साधन एवं श्रम मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने सुबह 9 बजे ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस दौरान राष्ट्रगान की धुन बजाई गई।

ध्वजारोहण के पश्चात कैबिनेट मंत्री श्री सिंह ने खुली जिप्सी में कलेक्टर हरजिंदर सिंह, पुलिस अधीक्षक र्साइं कृष्ण एस थोटा और रक्षित निरीक्षक के साथ परेड का निरीक्षण किया। मुख्य अतिथि ने प्रदेश की जनता के नाम संबोधित मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के संदेश का वाचन किया और आकाश में गुब्बारे छोड़े। समारोह में आकर्षक मार्च पास्ट का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और प्रजातंत्र रक्षकों का सम्मान भी हुआ। मुख्य अतिथि ने परेड कमाण्डरों से परिचय प्राप्त किया।

स्वतंत्रता दिवस के मुख्य कार्यक्रम में सशस्त्र और गैर शस्त्र परेड सहित विभिन्न स्कूलों के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामूहिक पीटी प्रदर्शन आकर्षण का केन्द्र रहे। सीनियर और जूनियर वर्ग में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां हुईं। सीनियर वर्ग में सीएम राइज स्कूल को प्रथम, लिश्यू आनंद उ.मा. विद्यालय को द्वितीय और शासकीय आर.पी. उत्कृष्ट उ.मा. विद्यालय को तृतीय स्थान मिला। इसी तरह जूनियर वर्ग में डायमंड पब्लिक स्कूल को प्रथम, जवाहर नवोदय विद्यालय रमखिरिया को द्वितीय और महर्षि विद्या मंदिर उ.मा. विद्यालय को तृतीय स्थान मिला।


मुख्य अतिथि द्वारा बेहतर परेड प्रदर्शन के लिए भी पुरस्कार वितरित किए गए। सशस्त्र बल परेड वर्ग में जिला पुलिस बल को प्रथम, विशेष सशस्त्र बल की 10वीं वाहिनी सागर को द्वितीय और होमगार्ड की टुकड़ी को तृतीय स्थान मिला। इसी तरह कनिष्ठ वर्ग में शासकीय छत्रसाल महाविद्यालय की एनसीसी टुकड़ी को प्रथम, एनएसएस टुकड़ी को द्वितीय और स्काउट-गाइड टुकड़ी को संयुक्त रूप से तीसरा स्थान मिला। इसके अतिरिक्त विभिन्न शासकीय दायित्वों के निर्वहन में बेहतर कार्य के लिए भी अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में नपाध्यक्ष मीना पाण्डेय, नपा उपाध्यक्ष आशा गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष मीना राजे, जिला पंचायत उपाध्यक्ष संतोष सिंह यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, शासकीय सेवक, गणमान्य नागरिक और पत्रकारगण उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. विनय श्रीवास्तव एवं प्रमोद अवस्थी द्वारा किया गया।

कलेक्टर ने संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन में किया ध्वजारोहण

स्वतंत्रता दिवस पर कलेक्टर हरजिंदर सिंह ने संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन में सुबह 8 बजे ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। जिला कलेक्टर ने अधिकारी-कर्मचारियों को आजादी के पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अपर कलेक्टर नीलाम्बर मिश्र, एसडीएम अशोक अवस्थी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। सभी शासकीय कार्यालयों में कार्यालय प्रमुखों द्वारा सुबह 7.30 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।

खनिज मंत्री ने दिव्यांग बच्चों के साथ किया विशेष भोज

खनिज साधन एवं श्रम मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह स्थानीय पुलिस परेड ग्राउण्ड में ध्वजारोहण के पश्चात बायपास रोड स्थित सीडब्ल्यूएसएन बालक छात्रावास पहुंचे और दिव्यांग बच्चों के साथ विशेष भोज किया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों द्वारा दिव्यांग छात्रों से भेंट कर उनका सम्मान किया गया। छात्रावास में अतिथियों द्वारा आंवला और अशोक के पौधों का रोपण भी किया गया। 

00000

No comments:

Post a Comment