Friday, August 2, 2024

हथिनी केनकली ने दिया मादा बच्चे को जन्म

  •  नन्हे मेहमान के आने से पन्ना टाइगर रिजर्व में खुशी का माहौल 
  •  पन्ना में वनराज के साथ-साथ बढ़ रहा है हाथियों का भी कुनबा

पन्ना टाइगर रिज़र्व की हथिनी केनकली अपने नन्हे शिशु के साथ।  

पन्ना। बाघों के लिए प्रसिद्ध मध्यप्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व में हथिनी केनकली (17 वर्ष) ने 2 अगस्त की रात लगभग 2.30 बजे एक स्वस्थ मादा बच्चे को जन्म दिया है। यहां हाथियों के कुनबे में एक नये और नन्हे मेहमान के आ जाने से खुशी का माहौल है। हथिनी केनकली का यह दूसरा बच्चा है। इस नन्हे मेहमान के आ जाने से पन्ना टाइगर रिजर्व में हाथियों का कुनबा बढ़कर 19 हो गया है। मौजूदा समय पन्ना टाइगर रिज़र्व में 5 नर व 14 मादा हांथियों का कुनबा है। हांथियों के इस कुनबे में दुनिया की सबसे उम्रदराज हथिनी वत्सला भी शामिल है, जो पन्ना टाइगर रिज़र्व के लिये किसी धरोहर से कम नहीं है। 

पन्ना टाइगर रिजर्व की क्षेत्र संचालक ने जानकारी देते हुए आज बताया कि हथनी केनकली ने 2 अगस्त की रात 2.30 बजे हांथी कैम्प हिनौता में मादा बच्चे को जन्म दिया है। इस मादा बच्चे का पिता पन्ना टाइगर रिजर्व का हांथी गणेश है। नवजात शिशु का वजन 90.5 किलोग्राम है तथा हथनी व बच्चा दोनों पूर्ण रूप से स्वस्थ हैं। प्रसव के उपरांत हथिनी व बच्चे का स्वास्थ्य परीक्षण पन्ना टाइगर रिज़र्व के वन्य प्राणी चिकित्सक डॉ. संजीव कुमार गुप्ता द्वारा किया जा रहा है। 

वन्य प्राणी चिकित्सक डॉ. गुप्ता ने बताया कि हथिनी व उसके नन्हे शिशु की समुचित देखरेख तथा विशेष भोजन की व्यवस्था की जा रही है। हथिनी को दलिया, गुड, गन्ना तथा शुद्ध घी से निर्मित लड्डू खिलाये जा रहे हैं ताकि नन्हे शिशु को पर्याप्त दूध मिल सके। हथनी व उसके शिशु की देखरेख व निगरानी के लिए स्टाफ की तैनाती की गई है। गौरतलब है कि पन्ना टाईगर रिजर्व में वनराज व गजराज दोनों के ही कुनबे में वृद्धि हो रही है, जो निश्चित ही प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से एक शुभ संकेत है।

बच्चे के साथ हथिनी केनकली की वीडियो क्लिप -


00000

No comments:

Post a Comment