Monday, September 7, 2026

पन्ना पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से “वर्क फ्रॉम होम” का झांसा देकर फ्रॉड करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के 05 सक्रिय सदस्यों को राजस्थान से किया गिरफ्तार


पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले की पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से “वर्क फ्रॉम होम” का झांसा देकर फ्रॉड करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के 01 विधि-विरुद्ध बालक सहित 05 सक्रिय सदस्यों को राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने फरियादिया को घर बैठे बुक/कंटेन्ट लिखने का कार्य देकर 05 लाख 87 हजार रूपये की धोखाधड़ी की थी। मामले में गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से ठगी गई राशि में से 5 लाख 82 हजार रूपये बरामद हुए हैं। 

पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती निवेदिता नायडू ने जानकारी देते हुए आज आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि फरियादिया कुमारी शशि कुशवाहा 19 वर्ष निवासी परषोत्तमपुर थाना कोतवाली पन्ना द्वारा थाना कोतवाली पन्ना में रिपोर्ट की गई कि 17 अगस्त 2026 को वह अपने इंस्टाग्राम अकाउंट का उपयोग कर रही थी। इसी दौरान उसे घर बैठे नौकरी/वर्क फ्रॉम होम से संबंधित एक वीडियो विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन में दी गई जानकारी के आधार पर फरियादिया ने टेलीग्राम एप डाउनलोड कर “विश्वाबुक पब्लिकेशन” नामक ग्रुप ज्वाइन किया। ग्रुप के माध्यम से आरोपियों द्वारा फरियादिया को घर बैठे बुक/कंटेन्ट लिखने का कार्य देकर 25 हजार रूपये भुगतान करने का झांसा दिया गया। 

इसके बाद आरोपियों द्वारा अलग-अलग बहाने बनाकर फरियादिया से रजिस्ट्रेशन फीस, डिलीवरी चार्ज, सिक्योरिटी चार्ज, विड्रॉल चार्ज एवं बैंक अकाउंट वेरिफिकेशन चार्ज आदि के नाम पर लगातार अलग-अलग क्यूआर कोड भेजकर यूपीआई/फोन-पे के माध्यम से रकम ट्रांसफर कराई गई। आरोपियों द्वारा फरियादिया को यह विश्वास दिलाया जाता रहा कि प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसके खाते में उसकी रकम एवं नौकरी से संबंधित भुगतान प्राप्त हो जाएगा। इसी झांसे में फरियादिया से विभिन्न किश्तों में कुल 5 लाख 87 हजार 391 रूपये की राशि ट्रांसफर करा ली गई। फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली पन्ना में अपराध क्रमांक 658/26 धारा 318(4), 319(2) बीएनएस के तहत पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया ।



मामले में गठित पुलिस टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन एवं उपलब्ध डिजिटल जानकारी का विश्लेषण करते हुए आरोपियों की पहचान एवं स्थान का पता लगाया गया। मामले की तकनीकी जानकारी एवं मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा संदेही व्यक्तियों को चिन्हित किया जाकर आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु तत्परता से कार्यवाही करते हुए मामले में शामिल 05 व्यक्तियों को दौसा, राजस्थान से पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। 

पूँछताछ किये जाने पर उक्त व्यक्तियों द्वारा बताया गया कि हम लोग सोशल मीडिया पर वर्क फ्रॉम होम के लुभावने विज्ञापन प्रसारित करते हैं, विज्ञापन देखकर हमसे संपर्क करने वाले व्यक्तियों को हम लोग वर्क फ्रॉम होम का भरोसा देकर एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ देते हैं। इसके बाद अलग अलग चार्ज (जैसे - रजिस्ट्रेशन फीस, डिलीवरी चार्ज, सिक्योरिटी चार्ज, विड्रॉल चार्ज एवं बैंक अकाउंट वेरिफिकेशन चार्ज आदि ) बताकर पैसो की ठगी कर लेते हैं। यही घटना हम लोगो ने फरियादिया शशि कुशवाहा के साथ की थी। पुलिस टीम द्वारा मामले में 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया जाकर 01 विधिविरूद्ध बालक को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। प्रकरण में आरोपियों से पूछताछ एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर विवेचना जारी है ।

धोखाधड़ी और फ्राड के इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों में दिलखुश 18 वर्ष निवासी महराजपुरा तालाब गाँव थाना लालसोट जिला दौसा राजस्थान, छोटा उर्फ हेमराज 20 वर्ष निवासी ग्राम करनपुरा थाना लालसोट जिला दौसा राजस्थान, संतोष मीना 23 वर्ष निवासी करनपुरा थाना लालसोट जिला दौसा राजस्थान,अजय कुमार 20 वर्ष निवासी उगरिया बास थाना लालसोट जिला दौसा राजस्थान तथा एक विधि विरूद्ध बालक शामिल है। मामले में पुलिस टीम द्वार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 5 लाख 82 हजार रूपये नगद एवं 04 मोबाइल (02 आई फोन, 02 एन्ड्रॉयड) कीमती करीब 2 लाख 50 हजार रूपये सहित कुल मशरूका कीमती करीब 8 लाख 32 हजार रूपये का जप्त किया गया है।



00000 

No comments:

Post a Comment