Friday, April 5, 2024

खजुराहो में होगा रोमांचक मुकाबला, हाँथ के सहारे दौड़ेगी साईकिल

  • हीरे की खान और बुंदेल केसरी महाराज छत्रसाल की वीरगाथाओं के लिए प्रसिद्ध मध्यप्रदेश के खजुराहो संसदीय क्षेत्र में इस बार चुनावी मुकाबला रोमांचक होने वाला है। इसकी खास वजह यह है की इण्डिया गठबंधन की ओर से समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी को यहाँ से मैदान में उतारा गया है। प्रदेश की यह इकलौती सीट है जहाँ यह प्रयोग बहुत सोच समझकर किया गया है। जाहिर है कि लोकसभा के इस चुनाव क्षेत्र में साईकिल हाँथ के सहारे दौड़ेगी। 



।। अरुण सिंह ।।

पन्ना। तीन जिलों पन्ना, छतरपुर व कटनी का प्रतिनिधित्व करने वाले खजुराहो संसदीय क्षेत्र में नामांकन भरने की तिथि गुजरने के साथ ही चुनावी सरगर्मी शुरू हो गई है। यहाँ से भाजपा ने वीडी शर्मा को जहाँ फिर से मैदान में उतारा है, वहीं इण्डिया गठबंधन ने सपा के दिग्गज नेता दीप नारायण यादव की पत्नी मीरा यादव को प्रत्याशी बनाया है। सपा प्रत्याशी ने गुरुवार को अपना नामांकन भरा तथा इसके बाद आम सभा हुई, जिसमें कांग्रेस के दिग्गज नेताओं सहित सपा के नेता शामिल हुए। इस आम सभा में नेताओं ने जिस तरह के तेवर दिखाए उससे खजुराहो लोकसभा क्षेत्र का चुनावी माहौल गर्मा गया है, इस संसदीय क्षेत्र पर सबकी निगाहें टिक गई हैं। कुछ दिन पूर्व तक जो लोग भाजपा की जीत का आंकड़ा 5 लाख के पार का दावा कर रहे थे, वे अब फिर से गुणा भाग करने लगे हैं। 

समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी मीरा दीपक यादव के समर्थन में आयोजित सभा को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को आगाह किया कि इस बार चुनाव चिन्ह भले ही साईकिल है लेकिन यह बात याद रखो साईकिल को हाँथ का पंजा ही चलाएगा। जीतू पटवारी ने कहा कि बीजेपी के लोग तानाशाही पूर्ण ढंग से सरकार चलाते हुए विपक्ष के लोगों पर झूठे मुकदमे लगा रहे हैं। मंहगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। 

कालाधन के नाम पर जनता को गुमराह किया गया, जबकि इलेक्टोरल वॉन्ड के रूप मे हजारों करोड रूपये भाजपा ने काला धन के रूप में चंन्दा लिया है। उन्होने कहा कि इस क्षेत्र के सांसद वीडी शर्मा ने क्षेत्र के विकास हेतु कोई काम नहीं किया। उनकी आमदनी कई गुना बढ़ गई और जनता की आय काम हो गई। विद्यालयों में शिक्षक नहीं हैं, अस्पतालो में डॉक्टर नहीं हैं, समूचे प्रदेश में अराजक स्थिति है। क्षेत्र की बेहतरी और विकास के लिए इस बार बदलाव बहुत जरुरी है। 


पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरूण यादव ने कहा कि 2024 का यह लोकसभा चुनाव साधारण चुनाव नहीं है, यह देश के संविधान को बचाने का चुनाव है। यह तभी बचेगा जब हम मुस्तैदी के साथ लड़ते हुए गठबंधन के प्रत्याशी को जीत दिलायेंगे। उन्होंने कहा कि रंगा बिल्ला की सरकार को समाप्त करना है, आप लोग यह संकल्प लेकर यहाँ से जाएँ। अरूण यादव ने कहा इस क्षेत्र के सांसद वीडी शर्मा ने  सबसे ज्यादा अवैध उत्खनन करवाया है, पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा अवैध खनन पन्ना जिले में होता है। 

कार्यक्रम को संबोंधित करते हुए समाजवादी पार्टी के नेता दीपनारायण यादव ने कहा कि यह गठबंधन नहीं दिलों का मिलन है। हम लोग एकजुट होकर अत्याचार, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी की लडाई लडेगें। उन्होने आंगे कहा कि प्रत्येक व्यक्ति जो इस देश में रह रहा है वह किसी भी क्षेत्र का हो उसकी जिम्मेवारी है कि सरकार जिसे हम चुन रहे हैं वह जनहित में काम कर रही है या नहीं इस पर पैनी नजर रखे।  क्योकि दिल्ली की सरकार से ही देश का भविष्य टिका होता है। 

उन्होने आंगे कहा कि यह किस प्रकार की सरकार चल रही है, आम जनता भी गरीब हो रही है और सरकार के खजाने पर भी लगातार कर्ज बढ रहा है। यदि किसी विद्यालय मे शिक्षक नहीं पंहुचता है, तो उससे एक व्यक्ति का नुकसान नही होता पूरी पीढी बर्बाद होती है। उन्होंने कहा कि यह लडाई जिंदगी बदलने की लडाई है, जिसे हर हाल में जीतना है। आमसभा को गठबंधन के अन्य कई नेताओं ने भी संबोंधित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन अनीश खान तथा राज बहादुर पटेल द्वारा किया गया। आभार प्रदर्शन जिला कांग्रेस कमेटी पन्ना के अध्यक्ष शिवजीत सिंह भईया राजा ने किया।

00000

No comments:

Post a Comment