Saturday, February 18, 2017

प्राथमिक शाला जहां 7 बच्चे दर्ज, उपस्थित सिर्फ एक

  •   यह है शाहनगर जनपद के प्राथमिक शाला चहकना की स्थिति
  •   जिले में 20 से कम बच्चों वाली शालाओं की संख्या डेढ़ सौ से अधिक



शासकीय प्राथमिक शाला चहकना का भवन। फोटो - अरुण सिंह 

 अरुण सिंह,पन्ना। बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले ताकि सब पढ़े सब बढ़े का नारा हकीकत बन सके। लेकिन शासन की यह मंशा पन्ना जिले के ग्रामीण अंचलों में पूरी होती नजर नहीं आ रही। गांव-गांव स्कूल जरूर खुल गये हैं तथा शिक्षक भी पदस्थ हैं लेकिन इन स्कूलों से पढऩे वाले बच्चे नदारद हैं। लाखों रू. की लागत से बनवाये गये ज्यादातर स्कूल भवनों में सन्नाटा पसरा रहता है। ऐसा क्यों है तथा इसके लिए कौन जिम्मेदार है, इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा, फलस्वरूप ग्रामीण अंचलों की शैक्षणिक व्यवस्था बेहतर होने के बजाय बेहद चिंताजनक स्थिति में जा पहुँची है।
यहां हम बात कर रहे हैं शाहनगर जनपद क्षेत्र की शासकीय प्राथमिक शाला चहकना की, जहां पर कक्षा-1 से लेकर 5वीं तक स्कूल में सिर्फ 7 बच्चे दर्ज हैं। गत 15 फरवरी को यह प्रतिनिधि अचानक जब इस छोटे से गांव की शाला पहुँचा तो वहां के हालात देख दंग रह गया। दोपहर के 12:30 बज रहे थे, स्कूल में अतिथि शिक्षक कोमल प्रजापति अकेले ही कुर्सी में बैठे कुछ गुनगुना रहे थे। स्कूल के कमरे में एक बस्ता रखा हुआ था, अचानक इस प्रतिनिधि के पहुँचने पर अतिथि शिक्षक उठकर खड़े हो गये। उन्होंने बिना किसी लाग लपेट के यह बताया कि यहां 7 बच्चे दर्ज हैं और आज सिर्फ एक बालक ही पढऩे के लिए स्कूल आया है जो कुछ देर पूर्व ही पानी पीने के लिए पास के हैण्डपम्प में गया है। उपस्थिति रजिस्टर मांगने पर अतिथि शिक्षक ने तुरंत उपलब्ध कराया, जिसमें 7 बच्चों के नाम दर्ज थे जिनमें दो बालक व पांच बालिकायें हैं। मजे की बात यह है कि चार कक्षाओं में सिर्फ एक-एक बच्चे हैं जबकि कक्षा 3 में चार बच्चे हैं। यह पूछने पर कि बच्चे स्कूल क्यों नहीं आते तो अतिथि शिक्षक ने बताया कि कभी-कभी चार से पांच बच्चे आ जाते हैं। चहकना गांव के रन्जोर सिंह से पूछने पर कि गांव के बच्चे पढऩे के लिए स्कूल क्यों नहीं आते? तो उन्होंने बताया कि सभी बच्चों के स्कूल में नाम नहीं लिखे, जिनके लिखे हैं वे भी कभी आते हैं और कभी नहीं आते। जाहिर है कि बच्चों के अभिभावक भी इस ओर ध्यान नहीं देते जितना कि उन्हें देना चाहिए। बच्चों की इतनी कम संख्या के बावजूद शाला में मध्याह्न भोजन बनता है। दोपहर 1 बजे मध्याह्न भोजन लेकर जब एक बुजुर्ग महिला आई उसी समय तीसरी कक्षा में पढऩे वाला एक दूसरा बालक राजभान यादव भी आ गया। इस तरह पूर्व से उपस्थित छात्र बृजेन्द्र सिंह यादव के साथ इस नवागन्तुक छात्र ने मध्याह्न भोजन की रोटी-सब्जी खाई और अपनी कटोरी लेकर फिर वापस घर चला गया। शासकीय प्राथमिक शाला चहकना तो सिर्फ एक उदाहरण है, ऐसी शालाओं की पन्ना जिले में भरमार है, जहां हर माह शासन का पैसा तो खर्च हो रहा है लेकिन उसका कोई लाभ किसी को नहीं मिल रहा। लाखों रू. की लागत से गांव-गांव बनवाये गये शाला भवन अनुपयोगी पड़े हुये हैं, आखिर जब बच्चे ही नहीं हैं तो इन शाला भवनों के निर्माण का औचित्य ही क्या है?

शाला में कम से कम होने चाहिए 20 बच्चे


शाला में उपस्थित एक मात्र छात्र बृजेन्द्र सिंह यादव।

शालाओं में बच्चों की कम उपस्थिति व चहकना प्राथमिक शाला के संबंध में जिला समन्वयक सर्व शिक्षा अभियान बी.के. त्रिपाठी से चर्चा करने पर उन्होंने बताया कि शासन के नियमों और निर्धारित मापदण्डों के मुताबिक प्रत्येक प्राथमिक शाला में कक्षा 1 से लेकर 5वीं तक कम से कम 20 बच्चे दर्ज होने चाहिए। इससे कम छात्र संख्या पर स्कूल के संचालन की अनुमति नियमानुसार नहीं दी जा सकती। आपने यह स्वीकार किया कि जिले में तकरीबन डेढ़ सौ से भी अधिक ऐसी शालायें हैं जहां बच्चों की संख्या कम है। यदि माध्यमिक शालाओं को भी जोड़ दिया जाये तो यह आंकड़ा दो सौ के करीब पहुँच जायेगा। इस स्थिति को श्री त्रिपाठी ने चिन्तनीय बताया और कहा कि क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के दवाब से जगह-जगह स्कूल भवन बनवा दिये गये हैं लेकिन उन स्कूलों में अपेक्षित छात्र संख्या नहीं है।

Tuesday, February 7, 2017

जंगल भी नहीं बचा अब कैसे हो गुजारा

  • रमपुरा गांव के हरिजन आदिवासियों की जिन्दगी हुई दुश्वार 
  • 12 किमी. दूर सारंग के जंगल से महिलाएं लाती हैं लकड़ी 




अरुण सिंह, पन्ना। जिला मुख्यालय पन्ना से लगभग 30 किमी. दूर स्थित रमपुरा गांव के हरिजन आदिवासियों की जिन्दगी मुसीबतों और कठिनाईयों से भरी हुई है. पन्ना जनपद की ग्राम पंचायत मुटवांकला के अन्तर्गत आने वाले इस हरिजन आदिवासी बहुल गांव में सुविधाओं के नाम पर आवागमन के लिए सुगम मार्ग तक नहीं है. लगभग 600 की आबादी वाले इस गांव में 320 मतदाता हैं, लेकिन इनकी सुध न तो अधिकारी लेते हैं और न ही जनप्रतिनिधि, फलस्वरूप ये आज भी बुनियादी और मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं.
ऊबड़ - खाबड़ जंगली रास्तों से होकर भारी मशक्कत के बाद पन्ना से पत्रकारों का दल गत शनिवार को जब इस दुर्गम गांव में पहुंचा, तो गांव के हरिजन आदिवासी हैरत में पड़ गये. ग्राम पंचायत के सरपंच भानुप्रताप त्रिपाठी ने जब ग्रामीणों को यह बताया कि पन्ना से पत्रकार आप लोगों की समस्याओं को देखने आये हैं, जिसे अखबार में छापेंगे. इससे शासन व प्रशासन का ध्यान इस गांव की तरफ भी जायेगा और समस्याओं का निराकरण होगा. यह सुनकर कुछ ही क्षणों में पूरा का पूरा गांव उमड़ पड़ा और पेड़ की छांव में बैठकर उन्होंने पत्रकारों के सामने दिल खोलकर अपनी पीड़ा और तकलीफों का बखान किया. हिसाबी लाल चौधरी, कृपाल चौधरी व कन्छेदी आदिवासी ने बताया कि गांव में सिंचाई के कोई साधन नहीं है, इसलिए यहां सिर्फ खरीफ की फसल होती है. इस साल सूखा पड़ जाने से खरीफ की फसल भी नहीं हुई. गांव में पिछले दो साल से कोई भी सरकारी काम नहीं हुआ, जिससे अब मजदूरी भी नहीं मिलती. पूर्व में मेड़ बंधान व कपिलधारा कूप के जो काम हुए हैं, उनकी मजदूरी अभी तक नहीं मिली. ऐसी स्थिति में सौ से भी अधिक लोग रोजी रोजगार की तलाश में पलायन कर चुके हैं.
सहोला चौधरी व भूपत आदिवासी ने बताया कि पहले जंगल से गुजर बसर हो जाता था, लेकिन अब 10 - 15 किमी. के दायरे में कहीं जंगल नहीं बचा. खेती हो नहीं पाती, ऐसी स्थिति में हम लोगों का गुजारा कैसे हो? अपने घर परिवार का भरण पोषण करने के लिए गांव की महिलाऐं 10 से 15 किमी. दूर सारंग व बिलखुरा के जंगल से लकड़ी का गट्ठर सिर में लादकर लाती हैं. दूसरे दिन यह लकड़ी बेंचने के लिए रमपुरा से 15 किमी. दूर देवेन्द्रनगर जाती हैं जहां मुश्किल से सौ या अधिकतम डेढ़ सौ में लकड़ी का गट्ठा बिकता है. इसी पैसे से पूरे घर का गुजारा होता है. बिलसी बाई, भगवतिया आदिवासी व रतिया आदिवासी ने बताया कि सुबह 4 बजे गांव से लकड़ी का गट्ठा लेकर जब निकलते हैं तब कहीं जाकर 9 - 10 देवेन्द्रनगर पहुंचते हैं. सबसे बुरी स्थिति तो तब होती है जब गांव में कोई बीमार पड़ता है. सड़क मार्ग व आवागमन की सुविधा न होने से बीमार व्यक्ति को साईकिल से या पीठ में लादकर इलाज के लिए देवेन्द्रनगर ले जाना पड़ता है. यहां के गरीब हरिजन आदिवासियों को उचित मूल्य का राशन लेने के लिए भी 10 कि.मी. की दूरी तय करनी पड़ती है. उचित मूल्य दुकान मुटवांकला में है.
गांव में प्राथमिक व माध्यमिक स्कूल है, लेकिन बहुत ही कम बच्चे स्कूल जाते हैं. पत्रकारों के रमपुरा पहुंचने पर जब ग्रामवासी पेड़ के नीचे एकत्रित हुए तो वहां काफी संख्या में बच्चे भी थे. उनसे जब पूंछा गया कि आप लोग स्कूल क्यों नहीं गये, वहां तो खाना भी मिलता है. तो ग्रामीणों ने कहा कि यदि भरपेट खाना मिलता तो गांव में एक भी बच्चा नजर नहीं आता, अरे साहब यदि जानवरों को खाना दें तो वह देहरी नहीं छोंड़ता. यह पूंछे जाने पर कि गांव में ऐसा कोई व्यक्ति है जो नौकरी करता हो? इस सवाल के जवाब में ग्रामीणों ने बताया कि सिर्फ एक लड़का श्रीनिवास है जो संविदा शिक्षक बन गया है. इसकी वजह का खुलासा भी ग्रामीणों ने किया और बताया कि यह लड़का अपनी बहन के पास सतना चला गया था. वहीं रहकर पढ़ लिख गया और बी.ए. पास करने के बाद संविदा शिक्षक बन गया. रमपुरा गांव का यह पहला लड़का है जिसने बी.ए. तक की पढ़ाई की है और अब सरकारी नौकरी भी कर रहा है. गांव में ऐसे कई बुजुर्ग भी हैं जिनका कोई सहारा नहीं है. इन बुजुर्गों को पात्रता के बावजूद भी वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिल रही. जिन्हें मिलती है उन्हें भी पेंशन के लिए भटकना पड़ता है. पछीता, नन्दू, भूपत, रामस्वरूप तथा सुकमरिया ने बताया कि अषाढ़ के महीने से उन्हें पेंशन नहीं मिली, तीन बार देवेन्द्रनगर जाकर वापस लौटे हैं.

रमपुरा में नहीं है आंगनवाड़ी केन्द्र 




हर तरह की बुनियादी सुविधाओं से वंचित हरिजन आदिवासी बहुल रमपुरा गांव में आंगनवाड़ी केन्द्र भी नहीं है. ग्राम पंचायत के सरपंच की मौजूदगी में ग्रामीणों ने बताया कि चूंकि रमपुरा में सिर्फ हरिजन आदिवासी रहते हंै, इसीलिए इस गांव की कोई सुध नहीं लेता. गांव में शून्य से पांच साल तक के तकरीबन सौ बच्चे हैं, फिर भी यहां आंगनवाड़ी केन्द्र नहीं खोला गया. यहां कई ऐसे बच्चे भी हैं जो कुपोषण के शिकार हैं, लेकिन कोई देखने वाला नहीं है. ग्रामीणों ने बताया कि गांव में अधिकारी तो कभी आते नहीं, जनप्रतिनिधि भी सिर्फ चुनाव के समय वोट मांगने आते हैं. क्षेत्रीय विधायक महेन्द्र बागरी के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि वे चुनाव के समय आये थे, इसके बाद फिर कभी उनके दर्शन नहीं हुए.

गांव के वजूद पर मंडरा रहा संकट 


इस दुर्गम हरिजन आदिवासी बहुल रमपुरा गांव के वजूद पर भी संकट मंडरा रहा है. ग्रामवासियों ने बताया कि 1975 के पूर्व तक इसकी पहचान रमपुरा ग्राम के रूप में थी. इसके बाद इसे बसई ग्राम का मजरा बना दिया गया. अब तो रमपुरा गांव को खत्म कर बसई में ही मिला दिया गया है जबकि बसई गांव की दूरी 5 किमी. है. सहोला चौधरी व भूपत आदिवासी ने बताया कि विकास के नाम पर जो भी पैसा शासन से आता है उसे बसई में ही खर्च कर दिया जाता है. रमपुरा गांव में एक धेले का भी कोई काम नहीं कराया जाता. ग्रामीणों के मुताबिक इसकी वजह भी यही है कि रमपुरा में सिर्फ गरीब हरिजन आदिवासी निवास करते हैं, जबकि बसई में पैसे वाले बड़े लोग करते हैं.


Friday, December 30, 2016

सारस पक्षी को भा रहा केन नदी का किनारा

  • पन्ना टाइगर रिजर्व में दिख रहा सारस का जोड़ा 
  • उड़ान भरने वाला धरती का यह सबसे बड़ा पक्षी 




अरुण सिंह, पन्ना। उड़ान भरने वाला धरती का सबसे बड़ा पक्षी सारस पन्ना टाइगर रिजर्व से होकर प्रवाहित होने वाली केन नदी के किनारे नजर आ रहे हैं. सारस पक्षी का एक जोड़ा पिछले कई दिनों से इस इलाके में डेरा डाले हुए है. ऐसा प्रतीत हो रहा है कि केन किनारे की आबोहवा व जलवायु इस विशालकाय पक्षी को भा रही है. मालुम हो कि सारस को उ.प्र. के राज्य पक्षी का दर्जा प्राप्त है.
उल्लेखनीय है कि सारस पक्षी के जोड़े को दाम्पत्य प्रेम का प्रतीत माना जाता है. सारस पक्षी की सबसे बड़ी खूबी यह है कि अपने जीवन काल में यह सिर्फ एक बार जोड़ा बनाता है और जोड़ा बनाने के बाद जीवन भर साथ रहता है. यदि किसी कारण से एक साथी मर या बिछड़ जाता है तो दूसरा भी उसके वियोग में अपने प्रांण त्याग देता है. सारस को किसानों का मित्र पक्षी भी कहा जाता है, क्यों कि यह फसलों में लगने वाले कीड़ों को खाकर फसलों को नष्ट होने से बचाता है. दलदली व नमी वाले स्थान इसे प्रिय हैं, इसकी आवाज काफी दूर तक सुनाई देती है. जानकारों के मुताबिक विश्व में सबसे अधिक सारस पक्षी भारत में ही पाये जाते हैं. यहां इनकी कुल संख्या 8 से 10 हजार के बीच बताई जाती है.




सारस पक्षियों में मनुष्य की ही तरह प्रेम भाव होता है, ये ज्यादातर दलदली भूमि, बाढ़ वाले स्थान, तालाब, झील और खेतों में देखे जा सकते हैं. अपना घोसला ये छिछले पानी के आसपास ही बनाना पसंद करते हैं. जहां हरे - भरे खेत, पेड़ - पौधे, झाडिय़ां तथा घास हो. नर और मादा देखने में एक जैसे ही लगते हैं, दोनों में बहुत ही कम अन्तर पाया जाता है. लेकिन जब दोनों एक साथ हों तो छोटे शरीर के कारण मादा सारस को आसानी से पहचाना जा सकता है. मादा सारस एक बार में दो से तीन अण्डे देती है. अण्डों से बच्चों को बाहर निकले में 25 से 30 दिन का समय लगता है. सारस पक्षी का औसत वजन 7.3 किग्रा. तथा लम्बाई 173 सेमी. होती है. पूरे विश्व में सारस पक्षी की कुल 8 प्रजातियां पाई जाती हैं जिनमें से चार प्रजातियां भारत में मिलती हैं. अब इन पक्षियों की संख्या तेजी से घट रही है, जिससे पक्षी प्रेमी व पर्यावरण के हिमायती काफी चिन्तित हैं. फसल उत्पादन के तरीके में हुए बदलाव यानी परम्परागत अनाज के बदले नगदी फसल उगाने के कारण सारस के भरण पोषण पर भी असर पड़ा है. औद्योगीकरण और आधुनिक कृषि से सारस के आवास को खतरा है. केन नदी के किनारे सारस के जोड़े की मौजूदगी से इन पक्षियों की ओर पर्यटकों का भी आकर्षण बढ़ रहा है. पन्ना टाइगर रिजर्व में आने वाले पर्यटक सारस पक्षी के इस जोडे को भी बड़े कौतूहल से निहारते हैं और उनकी छवि को अपने कैमरे में कैद करते हैं.

00

Friday, December 9, 2016

विश्रामगंज रेन्ज में हजारों सागौन वृक्षों की हुई अवैध कटाई

  •   जंगल में हर तरफ नजर आ रहा  हैं सागौन वृक्षों के ताजे ठूँठ
  •   सुनियोजित ढंग से होती रही  कटाई और वन विभाग को नहीं  लगी भनक
  •  खुलासा होने  पर मचा हड़कम्प, हो  रहा  नुकसानी का आंकलन
  •   सैकड़ों की संख्या में जंगल से सागौन की कटी बोगियां बरामद

जंगल  से बरामद की गई सागौन की कटी बोगियों का दृश्य। फोटो - अरुण सिंह 

अरुण सिंह,पन्ना। प्रकृति ने पन्ना जिले को अनगिनत सौगातों से नवाजा है । यहां  के घने जंगल, जहां  तक नजर जाये वहां  तक हरियाली ही  हरियाली, यह अद्भुत नजारा देख हर किसी का मन प्रफुल्लित हो  जाता है । लेकिन अब पन्ना जिले के समृद्ध और हरे-भरे जंगलों पर खतरे के बादल मंडरा रहे  हैं । आबादी बढऩे के साथ जंगलों पर अत्यधिक दबाव होने के चलते जंगल में अवैध कटाई बढ़ी है , लेकिन अब तो सुनियोजित तरीके से व्यापक पैमाने पर सागौन वृक्षों की वन माफियाओं द्वारा जिस तरह से कटाई कराई जा रही  है  उससे सागौन प्रजाति के पेड़ तेजी के साथ गायब हो  रहे  हैं । पन्ना जिले के उत्तर वन मण्डल अंतर्गत विश्रामगंज रेन्ज में हाल  ही  में हजारों की संख्या में सागौन वृक्षों का कत्लेआम हुआ  है । लगभग 16 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में फैले इस वन परिक्षेत्र में बेहतरीन  किस्म का सागौन जंगल था, जिसे वन माफियाओं ने तहस-नहस कर दिया है । जंगल में जिस तरफ भी नजर दौड़ाई जाए उसी तरफ सागौन वृक्षों के ताजे ठूंठ दिखाई दे रहे  हैं ।

सागौन का ताजा ठूंठ  व पास खड़े वन परिक्षेत्राधिकारी।

सागौन वृक्षों के अवैध कटाई का मामला प्रकाश में आने पर बुधवार 7 दिसम्बर को जिला मुख्यालय पन्ना से पत्रकारों का एक दल जब मौके पर पहुँचा तो यहां  का नजारा देख दंग रह गया। विश्रामगंज रेन्ज के बीट मांझा व कौआ सेहा  के जंगल में जहां  बीते माह बड़ी बेरहमी के सागौन वृक्षों की कटाई हुई है , वहां  से बमुश्किल ढाई-तीन सौ मीटर की दूरी पर वन विभाग की चौकी है , जहां  पर बीटगार्ड की तैनाती रहती है । पेट्रोलिंग कैम्प छापर जिसे अब पटार चौकी के नाम से जाना जाता है , उसके ठीक सामने के जंगल में हजारों की संख्या में न सिर्फ सागौन वृक्षों को काटा गया बल्कि वहीं  जंगल में ही  मोटे तने वाले सागौन की सिल्लियां बनाकर उन्हें  ले भी जाया गया। इतना सब होने पर भी वनों की सुरक्षा का दावा करने वाले वन विभाग को अवैध कटाई की भनक तक नहीं  लगी, यह आश्चर्यजनक बात है । वन चौकी और इस जंगल के बीच एक पहाड़ी नाला गुजरता है , इस नाले के पार सागौन का जंगल है , जहां  वन माफियाओं ने बेखौफ होकर सागौन के वृक्षों को कटवाया है । जंगल में घूमकर देखने से यह पता चला कि वृक्षों की कटाई करने वाले लोग दर्जनों की संख्या में रहे  होंगे, जिन्होंने छांट-छांटकर मोटे और सीधे तने वाले सागौन वृक्षों को काटा है ।

जंगल में कटे पड़े वृक्ष की छटाई करता मजदूर।

सागौन के इस घने जंगल में इतने व्यापक पैमाने पर कटाई हुई  है  कि वन माफिया काटी गई सागौन की पूरी बोगियां ले जाने में कामयाब नहीं  हो  पाये। फिर भी मौके का जायजा लेने पर यह आभास होता है  कि 60 से 70 फीसदी सागौन चला गया है । शेष बची बोगियां अभी भी जंगल में जहाँ - तहाँ  पड़ी हुई  हैं । वन विभाग के अमले द्वारा पिछले एक सप्ताह से जंगल में बिखरी पड़ी सागौन की बोगियों को ढूँढ़कर पटार चौकी के सामने एकत्रित किया गया है । मौजूदा समय इस वन चौकी के सामने तकरीबन 600 सागौन की बोगियां एकत्रित हो  चुकी हैं  जबकि जंगल में कटी पड़ीं सागौन बोगियों के मिलने का सिलसिला अभी बन्दनहीं  हुआ है । इससे यह अंदाजा लगाया जा सकता है  कि कितने व्यापक स्तर पर बड़े ही  सुनियोजित ढंग से सागौन वृक्षों की कटाई हुई  है । अवैध कटाई के इस मामले ने जंगल की सुरक्षा व वन अमले की सक्रियता एवं चौकसी पर प्रश्न चिह्न खड़े कर दिए हैं । यदि यही  आलम रहा  तो आने वाले कुछ सालों में ही  पन्ना के जंगलों का सफाया हो  जाएगा तथा सागौन के वृक्ष कहीं  ढूँढ़े भी नहीं   मिलेंगे।

सीसीएफ छतरपुर को सबसे पहले मिली जानकारी


सागौन की बोगियों को जंगल से ढोकर लाते श्रमिक।

उत्तर वन मण्डल पन्ना के विश्रामगंज रेन्ज में हुई अवैध कटाई की जानकारी सबसे पहïले सीसीएफ छतरपुर विश्राम सागर शर्मा को हुई। पन्ना में वन मण्डलाधिकारी सहित वन अमले को इसकी भनक तक नहीं  लगी। मौके पर मौजूद वन परिक्षेत्राधिकारी आर.के. गोनेकर ने भी यह स्वीकार किया कि इतने व्यापक स्तर पर अवैध कटाई होने की जानकारी उन्हें  भी नहीं  थी। ऊपर से खबर आने पर जब जंगल का जायजा लिया गया तो वन अधिकारियों के होश उड़ गए। मिली जानकारी के अनुसार किसी अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल फोन पर सीसीएफ छतरपुर को वन कटाई की घटना से अवगत कराया था। इससे सवाल यह उठता है  कि आखिर पन्ना में बैठे वन महकमे के आला अफसरों को उस व्यक्ति ने जानकारी क्यों नहीं  दी ? क्या उसे यहां  के अधिकारियों पर भरोसा नहीं  था, या अन्य कोई वजह है , जो भी हो  लेकिन इतना तय है  कि उत्तर वन मण्डल की स्थिति ठीक नहीं  है । जंगल की सुरक्षा में तैनात अमला अपने दायित्वों का निर्वहन नहीं  कर रहा  और जिम्मेदार अधिकारी भी बेपरवाह हैं ।

बफरजोन का जंगल भी सुरक्षित नहीं 





विश्रामगंज वन परिक्षेत्र के जिस इलाके में बेतहाशा कटाई हुई  है , उसी से लगा पन्ना टाईगर रिजर्व का बफरजोन भी है । बफरजोन के इस जंगल में कितने सागौन वृक्ष कटे हैं , अभी इसकी पुष्टि नहीं  हो  पाई है , लेकिन निकट ही  दहलान चौकी का जंगल जो बफरजोन में है  वहां  बड़ी संख्या में सागौन वृक्षों की कटाई हुई है । इस संबंध में पूछे जाने पर पन्ना टाईगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक विवेक जैन ने बताया कि दहलान चौकी वन क्षेत्र में कटाई होने की जानकारी मिलते ही  त्वरित कार्यवाही  की गई है  तथा इस मामले में दो बीट गार्डों को निलंबित भी किया गया है । श्री जैन ने बताया कि विश्रामगंज बफरजोन में कटाई होने का अभी तक कोई भी तथ्य प्रकाश में नहीं  आया फिर भी वन क्षेत्र में चौकसी बढ़ाई गई है ।

अवैध कटाई से बाघों को भी खतरा


 सागौन का ठूंठ व कटी पड़ी बोगी।

जंगल में मानवीय हस्तक्षेप बढऩे तथा बड़े पैमाने पर हो  रही  अवैध कटाई से वन्य प्राणियों विशेषकर बाघों के लिए भी खतरा उत्पन्न हो  गया है । मालुम हो  कि बाघ पुनस्र्थापना योजना के बाद पन्ना टाईगर रिजर्व के कोर एरिया में बाघों का कुनबा बढ़ा है । यहां  जन्मे कई बाघ बड़े होकर इलाके की तलाश में कोर क्षेत्र से बाहर निकलकर बफर व सामान्य वन क्षेत्र में विचरण कर रहे  हैं । यहां  पर विचरण कर रहे  बाघों को कोर क्षेत्र जैसी सुरक्षा नहीं  मिल रही , ऐसी स्थिति में जहां  वन माफियाओं की हुकूमत चलती है  वहां  के जंगल में बाघों की मौजूदगी होने पर वे कितने सुरक्षित रहेंगे, यह एक अहम सवाल है  जिस पर जिम्मेदार आला वन अधिकारियों को गौर करना होगा। अभी हाल ही  में उत्तर वन मण्डल के जंगल में एक तेंदुए की संदिग्ध मौत हुई है , इसके अलावा शिकार की घटनायें भी बढ़ी हैं । जिसे देखते हुए  पन्ना के बाघों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समय रहते जरूरी कदम उठाये जाने चाहिए ताकि कोर एरिया के बाहर विचरण कर रहे  बाघ सलामत रहें ।
0000000

Monday, May 30, 2016

अपराधों से मुक्त है पन्ना जिले का कुडरा गांव

  • यहां ग्रामीणों के बीच एकता और आपसी भाईचारा बेमिशाल 
  • आज तक थाने नहीं पहुंचा इस गांव का कोई भी विवाद 




।। अरुण सिंह, पन्ना ।।

आर्थिक विकास की अंधी दौड़ और प्रतिस्पर्धा के इस माहौल में बुन्देलखण्ड क्षेत्र के पन्ना जिले में एक छोटा सा गांव ऐसा भी है जो अपराधों और विवादों से पूरी तरह मुक्त है. इस गांव के वाशिंदों में एकता, आपसी प्रेम और भाईचारा इतना प्रगाढ़ है कि आज तक गांव का कोई भी विवाद थाने तक नहीं पहुंचा. गांव के बड़े बुजुर्ग गर्व के साथ बताते हैं कि हमारी सबसे बड़ी पूंजी यही है कि हम सब मिल जुलकर रहते हैं. हमारे बीच किसी भी तरह का कोई जातिगत भेदभाव और ऊंचनीच नहीं है.

उल्लेखनीय है कि जिला मुख्यालय पन्ना से लगभग 52 किमी. दूर उ.प्र. की सीमा से लगा हुआ कुडऱा गांव जंगल और पहाड़ों के बीच बसा है. अजयगढ़ जनपद क्षेत्र की ग्राम पंचायत धरमपुर के इस गांव तक विकास की किरणें भले नहीं पहुंची, लेकिन यहां आपसी प्रेम और भाईचारे की रोशनी भरपूर है. अपनी इसी खूबी की दम पर कुडरा गांव के लोग अनगिनत चुनौतियां और अभावों के बीच भी खुशहाल जिंदगी जी रहे हैं. 

इसे दुर्भाग्य ही कहा जायेगा कि आजादी के गुजर चुके 67 सालों में कुडरा गांव को मूलभूत और बुनियादी सुविधायें भी मयस्सर नहीं हो सकी हैं और तो और इस गांव तक पहुंचने के लिए सड़क मार्ग तक नहीं है. ग्राम पंचायत धरमपुर तक सड़क मार्ग तथा आवागमन के साधन हैं, लेकिन धरमपुर से कुडरा तक 7 किमी. बीहड़ और जंगल है. ग्रामवासियों को अपनी छोटी - मोटी जरूरतों की पूर्ति के लिए इस कठिन मार्ग से होते हुए पैदल ही धरमपुर आना पड़ता है. सात किमी. लम्बे इस मार्ग पर सात पहाड़ी नाले पड़ते हैं, फलस्वरूप बारिश के चार महीने कुडरा गांव के लोगों के लिए मुसीबतों से भरे होते हैं.
कुडरा गांव के 75 वर्षीय गोरेलाल लोध ने बताया कि हमारे गांव में लोधी, पाल, ब्राम्हण, प्रजापति, कुशवाहा, गोंड व बसोर जाति के लोग हैं, लेकिन सभी मिल जुलकर रहते हैं. जात - पात व छुआछूत जैसी सामाजिक बुराई का भी इस गांव में कोई वजूद नहीं है. यही वजह है कि गांव में ग्रामीणों के बीच किसी भी तरह के कोई मतभेद और मनभेद नहीं हैं. यदि कभी कभार कोई बात होती भी है तो गांव में ही हम मिल बैठकर उसे सुलझा लेते हैं, कभी थाने जाने की नौबत नहीं आती. कुडरा गांव में आपसी प्रेम और भाईचारे की कई दशकों से चली आ रही यह अनूठी परंपरा आज भी कायम है और नई पीढ़ी के लोग भी बड़े बुजुर्गों की इस परंपरा का बखूबी निर्वहन कर रहे हैं. गांव के लोगों को दंश इस बात का है कि कुडरा गांव आता तो पन्ना जिले में है लेकिन वह जिले से अलग - थलग है. इस गांव की कभी कोई खोज खबर नहीं ली जाती, आज तक यहां कोई मंत्री, विधायक व कलेक्टर नहीं आया.

थाने में नहीं दर्ज कोई भी रिपोर्ट

धरमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुडरा में कभी कोई अपराध घटित हुआ है या नहीं, इस बात का सत्यापन करने के लिए जब थाने में संपर्क किया गया तो कुडरा गांव के वाशिंदों की बात सच निकली. थाना प्रभारी धरमपुर एच.पी. अवस्थी व थाने में पदस्थ पुलिस कर्मियों ने बताया कि पिछले 40 वर्षों के रिकार्ड में आज तक कभी कुडरा गांव की रिपोर्ट थाने में नहीं दर्ज हुई. थाना पुलिस के मुताबिक इस गांव में कभी कोई अपराध घटित नहीं होते, गांव की छुटमुट समस्याओं को ग्रामीण आपस में ही सुलझा लेते हैं. थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की कभी नौबत नहीं आने पाती. महिला उत्पीडऩ व दुष्कृत्य और छेडख़ानी आदि की भी कभी कोई शिकायत कुडरा गांव से नहीं आई. 
00000 

Saturday, May 28, 2016

चुनौतियों से जूझना खेहा गांव के लोगों की बनी नियति

  • इस दुर्गम गांव तक गर्मी के मौसम में भी पहुंचना कठिन 
  • बारिश में केन नदी और कमधा नाला से घिर जाता है गांव 




।। अरुण सिंह,पन्ना ।। 

जिले के पवई जनपद क्षेत्र में एक गांव ऐसा भी है जहां के रहवासियों को बिना कोई जुर्म के काला पानी जैसी सजा भुगतने को मजबूर होना पड़ रहा है. जिला मुख्यालय पन्ना से लगभग 87 किमी. दूर पवई जनपद की ग्राम पंचायत पिपरियादोन के खेहा गांव की भौगोलिक स्थिति आज भी कुछ ऐसी है कि गर्मी के इस मौसम में भी इस गांव तक पहुंच पाना आसान नहीं है. बारिश के मौसम में तो यह गांव पूरी तरह से टापू में तब्दील हो जाता है. केन नदी व कमधा नाला से यह गांव इस तरह घिर जाता है कि पूरे चार माह तक इस गांव के वाशिंदे कैदियों की तरह जिन्दगी जीने को विवश हो जाते हैं.

नौतपा के तीसरे दिन प्रचण्ड गर्मी में पन्ना से पत्रकारों का एक दल इस दुर्गम इलाके में स्थित ग्राम खेहा में केन नदी को पैदल पार करके टेढ़े - मेढ़े जंगली रास्तों से होकर जब पहुंचे तो गांव के लोग भी हैरत में पड़ गये. गांव की एक महिला जो अपने मवेशियों को भूसा डाल रही थी, उसने जब इतने लोगों को गांव में आते देखा तो उत्सुकतावश घर से बाहर निकलकर पूंछा कि गांव में सड़क बननी है क्या ? पत्रकारों ने जब अपना परिचय दिया और यहां आने की वजह बताई तो उस महिला ने गांव के बीच खड़े नीम के बड़े वृक्ष की ओर इशारा करते हुए कहा कि वहां जायें, गांव के सभी लोग वहां मिल जायेंगे. 

पत्रकारों के वहां पहुंचने पर अपने आप गांव के लोग जुड़ गये और हांथ में डायरी व कैमरा देख वे बिना कुछ बताये यह भी समझ गये कि गांव में कौन लोग आये हैं. इतने पत्रकारों को एक साथ अपने गांव में पाकर ग्रामवासी अत्यधिक प्रशन्न हुए और अपनी समस्याओं व रोजमर्रा की जिन्दगी में आने वाली चुनौतियों को एक - एक करके बताने लगे.
खेहा गांव के कुछ पढ़े - लिखे और समझदार से दिखने वाले रामकिशोर शर्मा ने बताया कि हमारी सबसे बड़ी समस्या यह है कि इस गांव तक आवागमन के कोई साधन नहीं है. गांव में यदि कोई बीमार हो जाय तो 25 किमी. दूर पवई के अलावा इलाज की कहीं कोई सुविधा नहीं है. सबसे बड़ी मुसीबत तो यह है कि गांव से पिपरियादोन तक जाने के लिए पैदल चलने के अलावा दूसरा कोई चारा नहीं है. ऐसी स्थिति में बीमार व्यक्ति को चारपाई पर चार लोग कंधे में रखकर ले जाते हैं. 

बारिश के मौसम में केन नदी जब बढ़ जाती है और कमधा नाला में भी पानी आ जाता है तो पैदल रास्ता भी बंद हो जाता है. इन विकट हालातों में भी गांव के लोग अपनी जान जोखिम में डालकर बीमार व्यक्ति को पवई तक ले जाने की हर संभव कोशिश करते हैं. बंदी यादव बताते हैं कि नदी में यदि गले तक पानी रहता है तो हम चारपाई कंधे में रखकर किसी तरह मरीज को पिपरियादोन तक ले जाते हैं, लेकिन यदि पानी गले से ऊपर होता है तो गांव में ही मरने के अलावा और कोई रास्ता नहीं रह जाता. बीमार पडऩे पर यहीं गांव में ही बिना इलाज के मरना हमारी नियति बन चुकी है. खेहा गांव के लोगों को केन नदी दो बार पार करना पड़ता है.

इस पहुंचविहीन और दुर्गम गांव में ब्राम्हण, यादव तथा कुछ आदिवासी निवास करते हैं. लगभग दो सौ की आबादी वाले इस गांव में सिर्फ 70 मतदाता हैं, शायद इसीलिए जनप्रतिनिधियों ने भी इस गांव की कोई सुध नहीं ली. गांव में बुनियादी सुविधा के नाम पर न तो बिजली है और न ही सड़क. छोटा सा स्कूल जरूर है लेकिन आंगनवाड़ी केन्द्र नहीं है. उचित मूल्य की दुकान पिपरियादोन में है, इसलिए खाद्यान्न व मिट्टी तेल लेने के लिए ग्राम वासियों को सर्दी, गर्मी व बारिश हर मौसम में पैदल ही जाना पड़ता है. 

जंगल, पहाड़ तथा नदी और नाले से घिरे इस गांव में रोजगार के कोई साधन नहीं है, पंचायत से भी आवश्यकता के अनुरूप काम नहीं मिल पाता. ऐसी स्थिति में खेती - बाड़ी ही जीविका का मुख्य आधार है. चूंकि यहां कृषि भूमि भी ऊंची - नीची है तथा सिंचाई के कोई साधन नहीं है. इसलिए खेती भी बहुत अच्छी नहीं होती. गांव के गुमान यादव, सुरेश यादव, गोपाल यादव, सुकुवा आदिवासी तथा कुंजी आदिवासी ने कहा कि यदि कमधा नाला में पुल बन जाय तो खेहा गांव तक बारहमासी आवागमन की सुविधा बन सकती है.

पेयजल की नहीं है कोई परेशानी 



अनगिनत समस्याओं से जूझ रहे खेहा ग्राम के निवासियों से जब पेयजल समस्या के संबंध में पूंछा गया तो उन्होंने बताया कि पीने के पानी की हमें कोई दिक्कत नहीं है. गांव में चार हैण्डपम्प लगे हैं और चारो ही चालू हालत में हैं, उनसे पर्याप्त पानी निकलता है. खेहा गांव में हैण्डपम्प कैसे लगे तथा यहां तक मशीन कैसे पहुंची, इस संबंध में रामकिशोर शर्मा ने बताया कि बोरिंग मशीन झालर की तरफ से लाई गई तथा गांव तक मशीन को लाने के लिए ग्रामवासियों ने मिलकर रास्ता बनाया, तब जाकर यहां हैण्डपम्प लग पाये हैं. हैण्डपम्पों के लगने से ग्रामवासियों को पेयजल समस्या से निजात मिल गई है.

घैरी, कछार व बन्डोरा गांव भी समस्या ग्रसित 


इसी इलाके में स्थित घैरी, कछार व बन्डोरा गांव में भी कमोवेश खेहा की ही तरह समस्याओं का अम्बार है. घैरी गांव खेहा के ही पास है और बारिश के मौसम में यह भी टापू बन जाता है. जबकि कछार और बन्डोरा गांव की समस्यायें जहां से कुछ अलहदा हैं. इन ग्रामों तक आवागमन की समस्या उतनी जटिल नहीं है फिर भी यहां के वाशिंदों को भारी मुसीबत झेलनी पड़ती है. ये दोनों गांव ग्राम पंचायत बछौन के अन्तर्गत आते हैं और पंचायत की इन ग्रामों से दूरी तकरीबन 25 किमी. है. 

जंगली रास्तों व पहाड़ से होकर राशन व खाद्य सामग्री लेने के लिए ग्राम वासियों को पैदल बछौन जाना पड़ता है. आदिवासी गांव कछार के महाबली, भूरे सिंह आदिवासी तथा बेनी आदिवासी ने बताया कि बछौन स्थित उचित मूल्य की दुकान में 25 किमी. पैदल चलकर जाने के बाद भी कभी - कभी उन्हें खाद्यान्न नहीं मिल पाता.
00000

Wednesday, May 25, 2016

गुमनामी के अंधेरे में है पन्ना जिले का कुडरा गांव

  • आजादी के अरसठ सालों में नहीं पहुंचा कोई मंत्री, विधायक व अधिकारी 
  • सड़क मार्ग न होने से ग्रामवासी नारकीय जिन्दगी जीने को मजबूर 


विकास से वंचित गुमनामी के अँधेरे में खोया पन्ना जिले का कुडरा गांव। फोटो - अरुण सिंह 

अरुण सिंह,पन्ना।  यह सुनकर सहसा भरोसा नहीं होता कि कोई गांव ऐसा भी हो सकता है जहां आजादी के अरसठ साल गुजर जाने के बाद भी आज तक कोई मंत्री, सांसद, विधायक यहां तक की आला अधिकारी भी नहीं पहुंचा. गुमनामी के अंधेरे में खोया यह बदनसीब गांव कुडरा पन्ना विधानसभा क्षेत्र में आता है, जहां की विधायक प्रदेश शासन की कद्दावर मंत्री सुश्री कुसुम सिंह महदेेले हैं. फिर भी इस गांव में मूलभूत सुविधायें तो दूर आवागमन के लिए सड़क मार्ग तक नहीं है. पहाडिय़ों और जंगली नालों से घिरा यह गांव बारिश के मौसम में पूरी तरह कट जाता है. किसी के बीमार पडऩे पर 7 किमी. दूर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र धरमपुर तक पहुंच पाना भी दुस्कर हो जाता है फलस्वरूप अनेको लोग इलाज के अभाव में असमय काल कवलित हो जाते हैं.
उल्लेखनीय है कि जिला मुख्यालय पन्ना से लगभग 52 किमी. दूर अजयगढ़ जनपद की सबसे बड़ी पंचायत धरमपुर के अन्तर्गत आने वाले कुडरा गांव की आबादी तकरीबन 600 है. धरमपुर तक तो पक्का सड़क मार्ग है तथा यात्री बसों का भी अवागमन होता है, लेकिन धरमपुर से कुडरा गांव तक 7 किमी. की दूरी तय करना आसान नहीं है. धरमपुर से कुडरा के लिए जो कच्चा मार्ग है, उस मार्ग से जाने पर रास्ते में जो परिद्रश्य और माहौल नजर आता है, उसे देख चंबल के बीहडों की याद ताजा हो जाती है. मिट्टी के ऊंचे टीलों के बीच से गुजरने वाले इस टेढ़े - मेढ़े कच्चे मार्ग पर यदा - कदा पैदल या साईकिल सवार ग्रामीण मिलते हैं, दूर - दूर तक और कुछ नजर नहीं आता. रविवार को सुबह लगभग 9 बजे पन्ना के पत्रकारों का दल जब इस दुर्गम और गुमनाम गांव में पहुंचे तो यहां के वाशिंदे भी हैरत में पड़ गये. कुडरा गांव के माध्यमिक शाला परिसर में गाड़ी खड़ी होने पर गांव के लोग कौतूहल वश यह जानने वहां एकत्रित हो गये कि कौन लोग आये हैं. जब उन्हें पता चला कि कोई नेता व अधिकारी नहीं अपितु पन्ना से पत्रकार इस गांव के हाल जानने के लिए आये हैं तो उनकी खुशी और प्रशन्नता का ठिकाना नहीं रहा.

इस दुर्गम गांव में पत्रकारों के पहुंचने पर उत्साहित ग्रामवासी। 
कुडरा गांव के 75 वर्षीय बुजुर्ग गोरेलाल लोध ने अपनी उत्सुकता प्रकट करते हुए कहा कि गाड़ी देखकर हमने सोचा था कि अभी तो कोई चुनाव भी नहीं है, फिर यहां कौन आया है. क्यों कि सिर्फ चुनाव के समय ही प्रत्याशियों के चमचा यहां वोट मांगने के लिए आते हैं. पिछले विधानसभा चुनाव में बसपा व सपा के प्रत्याशी भी आये थे लेकिन कांग्रेस व भाजपा का कोई भी प्रत्याशी यहां कभी नहीं आया. स्कूल परिसर में पेड़ की छांव के नीचे एकत्रित ग्रामीणों ने पत्रकारों के सामने जमकर अपना गुबार निकाला और कहा कि उनका नेताओं से विश्वास उठ गया है. वे सिर्फ कोरे आश्वासन देते हैं और चुनाव जीतने के बाद अपना घर भरते हैं. क्षेत्रीय विधायक व प्रदेश शासन की मंत्री सुश्री कुसुम सिंह महदेले के प्रति ग्रामीणों में खासा रोष है. गांव के शिवप्रसाद सिंगरौल ने बताया कि कुछ माह पूर्व खोरा गांव में सोनी परिवार के ऊपर जब डकैती पड़ी थी, उस समय मंत्री महदेले जी के खोरा आने पर गांव के लड़कों ने उन्हें कुडरा आने के लिए जब कहा तो उन्होंने कहा कि यह कुडरा कहां है मुझे नहीं मालुम. मंत्री के इस जवाब से पूरा गांव आहत है, हमने यह सोच रखा है कि इस बार चुनाव होने पर हम सब एकजुट होकर सबक जरूर सिखायेंगे.

पेयजल और सड़क सबसे बड़ी समस्या 

गांव का एकलौता कुंआ जहां से ग्रामीण पेयजल लेते हैं। 

इस गांव की सबसे बड़ी समस्या पेयजल और सड़क मार्ग का अभाव है. दुनिया से अलग - थलग पड़े तथा विकास से अछूते इस गांव के लोगों में आक्रोश तो है लेकिन वे बेवश और लाचार हैं. चुन्नू सिंगरौल अपना गुस्सा प्रकट करते हुए कहते हैं कि ऐसी सरकार नहीं रहना चाहिए जिसे आम जनता के दु:ख दर्द और तकलीफ से कोई वास्ता नहीं है. इन्द्रपाल सिंगरौल का कहना है कि हम चाहते हैं गांव की पेयजल समस्या दूर हो तथा सड़क बन जाय. अभी गांव में सिर्फ एक हैण्डपम्प है तथा खेत में बना एक निजी कुंआ है जिससे गांव का निस्तार होता है. इन्द्रपाल ने बताया कि वह 40 साल का हो गया लेकिन हमारी समस्या दूर करने का कोई प्रयास नहीं हुआ अब तो ऐसा लगता है कि इस गांव का भविष्य अंधकारमय है. आज आप लोग यहां आये तो एक उम्मीद जागी है कि शायद पानी और सड़क की समस्या दूर करने के लिए कोई पहल हो.

आठवीं के बाद नहीं पढ़ पाते बच्चे 

गांव में सिर्फ आठवीं कक्षा तक के लिए स्कूल है, इसलिए गांव के लड़के व लड़कियां आठवीं तक पढ़ाई कर लेते हैं, लेकिन आगे की पढ़ाई नहीं कर पाते. ग्रामवासी अपने बच्चों को पढ़ाना चाहते हैं लेकिन मजबूरी ऐसी है कि चाहकर भी वे पढ़ा नहीं पाते. पक्की सड़क न होने से बारिश के मौसम में पैदल जाना मुश्किल हो जाता है. कुडरा से धरमपुर तक 7 किमी. लम्बे मार्ग पर सात नाले पड़ते हैं जिन्हें बारिश में पार करना कठिन हो जाता है. ठंड के मौसम में भी बच्चे जंगली रास्ते से होकर नहीं जा पाते, जिससे आगे की पढ़ाई थम जाती है. गांव के कुछ बच्चों ने साहस दिखाते हुए उच्च शिक्षा हासिल करने का प्रयास भी किया है, उनमें से एक संतोष पाल है जो चित्रकूट से डी.एड. कर रहा है. संतोष पाल का कहना है कि गांव के कई युवक शिक्षा हासिल करना चाहते हैं लेकिन हालात इतने विपरीत हैं कि उन्हें कामयाबी नहीं मिल पाती.

इलाज के अभाव में हो जाती है मौत 

स्वास्थ्य सुविधा के नाम पर कुडरा गांव में कुछ भी नहीं है. गांव में किसी के बीमार पडऩे पर उसे धरमपुर या फिर अजयगढ़ ले जाना पड़ता है. लेकिन बारिश के मौसम में यहां की स्थिति बेहद चिन्ताजनक हो जाती है. बीमार व्यक्ति को चारपाई पर उठाकर ले जाना पड़ता है. रामकिशोर ने बताया कि इलाज के अभाव में हर साल गांव में कईयों की मौत हो जाती है. कई बार तो धरमपुर भी नहीं पहुंच पाते, रास्ते में ही लोग दम तोड़ देते हैं. आपने बताया कि पिछले पांच साल के दौरान वंशगोपाल लोधी 50 वर्ष, लाला प्रजापति पिता फूलचंद प्रजापति 16 वर्ष, चन्द्रपाल लोधी की पत्नी 25 वर्ष, मंगल पाल की पत्नी सुन्दीपाल तथा भूरा पाल 50 वर्ष की मौत इलाज के अभाव में हुई है. प्रसव के दौरान भी नवजात शिशुओं की मौत होती है, अभी हाल में रामभरोसे सिंगरौल की पत्नी का प्रसव हुआ और 24 घंटे के भीतर ही बच्चे की मौत हो गई.

सड़क निर्माण की राशि का हुआ दुरूपयोग

धरमपुर - कुडरा सड़क मार्ग के निर्माण हेतु मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना से 59.16 लाख रू. स्वीकृत हुए हैं, जिसमें 19.25 लाख रू. व्यय भी हो चुके हैं. इस बात की जानकारी पत्रकारों ने जब ग्रामीणों को दी तो वे हैरान रह गये. सड़क मार्ग की हालत जस की तस है, वन विभाग द्वारा मिट्टी के टीलों को छीलकर जरूर कहीं - कहीं समतल किया गया है ताकि उनका आवागमन हो सके. ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग द्वारा सड़क के निर्माण में 19.25 लाख रू. कहां खर्च किये गये, यह आश्चर्यजनक है. गांव के रामसनेही का कहना है कि यदि 19 लाख रू. कुडरा गांव के लोगों को दे दिए जाते तो इतने पैसे से ही वे 7 किमी. लम्बी सड़क का निर्माण कर देते. ग्राम वासियों ने बताया कि सरपंच कोई भी हो काम भाजपा जिलाध्यक्ष का भाई कराता है. उन्होंने गांव की सीसी रोड बनवाई जो अत्यधिक घटिया है पूरी रोड बर्बाद कर दी है. गांव के लोग यदि कुछ बोलते हैं तो उन्हें डांटकर चुप करा दिया जाता है और कहा जाता है कि ज्यादा नेतागिरी न करो.

गांव में नहीं है एक भी शौचालय 

कुडरा गांव के महिलाएं अपनी समस्याएं बताते हुए। 
इस गुमनाम और उपेक्षित गांव में एक भी शौचालय किसी के घर में नहीं है. पूरे गांव के लोग शौच के लिए खुले मैदान में जाते हैं. गर्मी के इस मौसम में जब खेतों की फसल कट चुकी है, ऐसी स्थिति में कोई आड़ न होने के कारण गांव की महिलाओं को शर्मिन्दगी का सामना करना पड़ता है क्यों कि उन्हें मैदान में तब्दील हो चुके खेतों में ही बैठना पड़ता है. गांव के पुरूष मैदान के बजाय पास की पहाड़ी में चढ़कर ऊपर जंगल में शौचक्रिया के लिए जाते हैं . पत्रकारों का दल जब गांव के भ्रमण पर निकाल तो महिलाओं ने अपनी व्यथा सुनाते हुए कहा कि यदि घरों में शौचालय बन जायें तथा पानी की समस्या दूर हो जाय तो हमें शर्मिन्दगी और परेशानी से निजात मिल जायेगी.
00000

Saturday, April 16, 2016

जीन पूल का गुलदस्ता बना पन्ना टाइगर रिजर्व

  • अनोखा जीन पूल तैयार होने से बाघों की नस्ल हुई बेहतर 
  • रानी बनकर आई कान्हा की बाघिन ने बढ़ाई पन्ना की शान 


कान्हा की बाघिन टी - 2 जिसने पन्ना में बढ़ाया कुनबा। 

।। अरुण सिंह, पन्ना ।।

पन्ना टाइगर रिजर्व में बाघों की जीन पूल का ऐसा अनोखा गुलदस्ता तैयार हुआ है, जो पूरी दुनिया मेंं अन्यत्र कहीं देखने को नहीं मिलेगा. जीन विविधता के चलते पन्ना में बाघों की नस्ल और बेहतर हुई है जिसका लाभ प्रदेश के अन्य दूसरे बाघ अभ्यारण्यों को भी मिल रहा है. वर्तमान में पन्ना टाइगर रिजर्व के अलावा यहां के बाघों की नस्ल सतपुड़ा टाइगर रिजर्व व संजय टाइगर रिजर्व में स्थापित होकर वंश वृद्धि कर रही है.

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2009 में पन्ना टाइगर रिजर्व को बाघ विहीन घोषित कर दिया गया था. तदुपरान्त यहां पर बाघों की दुनिया फिर से आबाद करने के लिए शासन द्वारा पुर्नस्थापना योजना प्रांरभ की गई. इस योजना के तहत पहली संस्थापक बाघिन के रूप में 4 मार्च 2009 को बांधवगढ़ से बाघिन टी -1 को पन्ना लाया गया. इसके चन्द दिनों बाद ही 9 मार्च 2009 को कान्हा की बाघिन टी - 2 हवाई मार्ग से पन्ना पहुंची जो सफलतम रानी के रूप में यहां स्थापित हुई. 

पन्ना में बाघ पुर्नस्थापना योजना को मिली उल्लेखनीय कामयाबी से तो पूरी दुनिया वाकिफ है लेकिन इस तथ्य से अभी भी ज्यादातर लोग अनजान हैं कि पन्ना के बाघों की मूल नस्ल समाप्त नहीं हुई है. पन्ना टाइगर रिजर्व को बाघ विहीन घोषित किये जाने के चार वर्ष बाद ऐसे आनुवांशिक प्रमाण सामने आये हैं जो इस ओर संकेत करते हैं कि पन्ना में बाघ पूरी तरह विलुप्त नहीं हुए थे.

क्षेत्र संचालक पन्ना टाइगर रिजर्व आर.श्रीनिवास मूर्ति ने बताया कि बांधवगढ़ से लाई गई बाघिन टी - 2 द्वारा अक्टूबर 2010 में जन्म दिए गये चार शावकों के डीएनए टेस्ट परिणाम से पता चला है कि उनका प्रजनन पेंच टाइगर रिजर्व से लाये गये नर बाघ टी - 3 द्वारा नहीं किया गया. इससे संकेत मिलता है कि बाघिन टी - 2 के प्रथम चार शावकों का जन्म पन्ना के ही बाघों के द्वारा हुआ था. यह परीक्षण हैदराबाद स्थित सेन्टर फार सेलुलर एण्ड मौलिक्यूलर बायोलॉजी (सी.सी.एम.बी.) द्वारा वाइल्ड लाइफ इन्स्टीट्यूट ऑफ इण्डिया के कहने पर किया गया था.

पन्ना की जीन केन से सोन तक 


पन्ना टाइगर रिजर्व में लाई गई कान्हा की बाघिन टी - 2 ने अपनी पहली संतान में चार शावकों को जन्म दिया जिनमें दो नर व दो मादा शावक थे. इन चारों शावकों का पिता पेंच का नर बाघ टी - 3 नहीं अपितु पन्ना टाइगर रिजर्व का ही कोई बाघ है. कान्हा की बाघिन और पन्ना के बाघ के मिलन से जन्में इन चार शावकों में से पन्ना - 211 सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में पहुंचकर वहां अलग - अलग बाघिनों के साथ जोड़ा बनाकर पन्ना की जीन्स को सतपुड़ा अंचल में फैला रहा है. 

इसी प्रकार पन्ना - 212 संजय टाइगर रिजर्व में बाघिनों से जोड़ा बनाकर पन्ना की नस्लों को उस अंचल में स्थिर कर रहा है. इन दोनों नर शावकों की बहन पन्ना  - 213 ने चार शावकों को जन्म दिया है जो पन्ना बाघ पुर्नस्थापना की एफ - 2 संतान के रूप में पन्ना में हैं. इस तरह से पन्ना के मूल बाघों की नस्ल केन से लेकर सोन तक फल फूल रही है.

कान्हा की बाघिन बन गई पन्ना की रानी 


बाघिन पन्ना - 213 अपने चार शावकों के साथ। 


बाघ पुर्नस्थापना योजना को सफलता की नई ऊंचाई प्रदान करने तथा पन्ना टाइगर रिजर्व का गौरव बढ़ाने वाली कान्हा की बाघिन टी - 2 सही अर्थों में पन्ना की रानी साबित हुई है. इस बाघिन ने न सिर्फ पन्ना के बाघों की मूल नस्ल को संरक्षित किया है बल्कि वंश वृद्धि करके पन्ना टाइगर रिजर्व को बाघों से आबाद भी किया है. 

तकरीबन 10 वर्ष की हो चुकी इस बाघिन की उपलब्धि और महत्ता यह है कि पन्ना टाइगर रिजर्व में मौजूद बाघों में एक तिहाई कुनबा कान्हा की इसी बाघिन टी - 2 का है. टी - 2 की दो मादा संताने पन्ना - 213 एवं पन्ना - 222 पन्ना टाइगर रिजर्व में स्थापित हैं. पन्ना - 213 ने यहां पर चार शावकों को जन्म दिया है जिनमें तीन मादा शावक हैं. इस उपलब्धि से नर व मादा बाघों की संख्या का अन्तर भी पहले के मुकाबले बेहतर हुआ है.
00000

Sunday, March 23, 2014

वनराज जिसने पन्ना में रच दिया इतिहास

  • पहले ली परीक्षा फिर आबाद की बाघों की नई दुनिया 

  • चार साल में बन गया फादर ऑफ दि पन्ना टाइगर रिजर्व 




अरुण सिंह , पन्ना। म.प्र. के पन्ना टाइगर रिजर्व में बाघों की नई दुनिया को आबाद करने वाला वनराज अब फादर ऑफ दि पन्ना टाइगर रिजर्व के खिताब का हकदार हो गया है. बाघ शावकों से गुलजार हो चुके पन्ना के जंगल में इस वनराज ने जो इतिहास रचा है वह बेमिशाल है. शून्य से सत्ताइस तक का सफर तय करने में पेंच के इस बाघ ने जो राह दिखाई है, बाघ पुर्नस्थापना योजना को मिली अनूठी कामयाबी उसी का प्रतिफल है.

उल्लेखनीय है कि पन्ना में बाघ पुर्नस्थापना योजना की शुरूआत मार्च 2009 में तब हुई, जब कान्हा व बांधवगढ़ से दो बाघिनों को यहां लाया गया. उस समय तक वन अधिकारियों का यह मानना था कि पन्ना के जंगल में एक नर बाघ मौजूद है. यही वजह था कि शुरूआत में सिर्फ दो बाघिनों को लाया गया. लेकिन जब इन बाघिनों को खुले जंगल में छोंड़ा गया तब तक पन्ना का बाघ लापता हो चुका था. ऐसी स्थिति में बाघों की वंश वृद्धि के लिए नर बाघ अन्यत्र से यहां लाने की योजना बनी और 7 नवम्बर 2009 को पेंच टाइगर रिजर्व से बाघ टी - 3 को लाया जाकर उसे इन्क्लोजर में रखा गया. यह वह समय था जब बाघों के खात्मा हो जाने को लेकर पन्ना टाइगर रिजर्व हर किसी के निशाने पर था. कोई भी यह मानने को तैयार नहीं था कि बाहर से लाये गये ेबाघों से यहां वंश वृद्धि होगी और बाघों की नई दुनिया पन्ना के जंगल में फिर से आबाद होगी.
इस संदेह की असल वजह अतीत की गलतियां थीं जो वन अधिकारियों द्वारा की जाती रही हैं. यहां अतीत में जो गलतियां हुई हैं उनकी पुनरावृत्ति नहीं होगी, इस बात की परीक्षा पेंच से पन्ना लाये गये बाघ ने भी बड़े ही अनूठे अंदाज में लिया. पेंच के इस बाघ ने एक माह से भी अधिक समय तक पार्क के अधिकारियों को हैरान और परेशान किया और अपने मूल ठिकाने की ओर साढ़े चार सौ किमी. की लम्बी यात्रा कर डाली. लेकिन पार्क के अधिकारियों ने भी हिम्मत नहीं हारी और पागलपन की हद तक इस बाघ का पीछा किया. इस लम्बी यात्रा में पेंच के इस बाघ ने वन अधिकारियों की हर तरह से न सिर्फ परीक्षा ली अपितु उनका ज्ञान वर्धन भी किया. इस बाघ ने अपने अनूठे संकेतों से सुरक्षा व बिगड़ते हुए कॉरीडोरों के संबंध में भी सवाल खड़े किये, जिससे वन अधिकारियों ने खासा सबक लिया. इतिहास रचने वाले इस वनराज को 25 दिसम्बर 2009 को बेहोश कर पुन: पन्ना लाया गया और 26 दिसम्बर को इसे पन्ना टाइगर रिजर्व के जंगल में छोड़ दिया गया.

क्षेत्र संचालक आर.श्रीनिवास मूर्ति बताते हैं कि पेंच का यह बाघ पन्ना से फिर कूच न करे, इसके लिए एक अभिनव युक्ति का प्रयोग किया गया. इस वनराज को आकर्षित करने के लिए बाघिन के यूरिन का जंगल में छिड़काव किया गया. इसका परिणाम यह हुआ कि चार दिन के भीतर ही बाघ टी - 3 व बाघिन टी - 1 की मुलाकात हो गई. बाघ व बाघिन के इस मिलन से पन्ना में नन्हें शावकों की नई पीढ़ी का आगमन हुआ और यह सिलसिला बाघिन टी - 2 व टी - 4 के साथ भी जारी रहा. मौजूदा समय पन्ना टाइगर रिजर्व में नर व मादा मिलाकर कुल 27 बाघ हैं जो अपने आपमें एक मिशाल है.

रोमांचक यात्रा की दास्तान 

 ०  पेंच से आया बाघ 7 नवम्बर 2009 को पन्ना टाइगर रिजर्व के बाडे में पहुंचा, जिसे 13 नवम्बर को रेडियो कॉलर पहनाया गया. 

 ० 14 नवम्बर को उसे बाडे से निकालकर खुले जंगल में आजाद छोंड़ दिया गया, जो 27 नवम्बर को पन्ना से पेंच की तरफ कूच कर गया.
०  25 दिसम्बर को उसे फिर से पकड़ लिया गया और 26 दिसम्बर को दोबारा पन्ना टाइगर रिजर्व में छोड़ा गया.
०  अपनी इस यात्रा में बाघ प्रतिदिन 15 से 50 किमी. तक चला, जिस जगह शिकार करता वहां तीन से चार दिन तक रूका.
०  यात्रा के दौरान चार भारतीय वन अधिकारियों ने बाघ टी - 3 का पीछा करने वाली टीम का नेतृत्व किया, टीम में 40 से 70 वनकर्मी, चार हांथी व 25 वाहन शामिल रहे.
०  बाघ ने केन, सुनार, बेबस और व्यारमा जैसी नदियों को तैरकर पार किया तथा रात में बटिया खेड़ा और गढ़ाकोटा जैसे कस्बों से होकर गुजरा